चकरभाठा में अंबेडकर जयंती पर भव्य आयोजन, बड़ी संख्या में शामिल होंगे अनुयायी
मूकनायक
मनोज बौद्ध
चकरभाठा छत्तीसगढ़
डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में 24 अप्रैल, शुक्रवार को चकरभाठा क्षेत्र में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी सामाजिक एकता और जागरूकता के उद्देश्य से किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में अंबेडकरवादी साथियों के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम की शुरुआत शाम 4:00 बजे चकरभाठा मार्केट में पैदल रैली से होगी। रैली वॉलीबॉल ग्राउंड से प्रारंभ होकर वासु मंगलम, सब्जी बाजार, गाडगे जी चौक और प्रमुख बाजार मार्गों से होते हुए पुनः झूलेलाल मंदिर के सामने स्थित वॉलीबॉल ग्राउंड में समाप्त होगी। आयोजकों द्वारा प्रतिभागियों से सफेद वस्त्र पहनकर आने का आग्रह किया गया है, जिससे कार्यक्रम में एकरूपता और अनुशासन का संदेश दिया जा सके।
रैली के पश्चात वॉलीबॉल ग्राउंड में सभा आयोजित की जाएगी, जिसमें वरिष्ठ जनों का सम्मान, स्वागत एवं उद्बोधन होगा। शाम 7:00 बजे से मंचीय एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी, जिसमें समाजिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। कार्यक्रम का समापन मैत्री भोज के साथ किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि वरिष्ठ समाजसेवी बसंत बौद्ध द्वारा इस आयोजन को प्रतिवर्ष सफलतापूर्वक आयोजित किया जाता रहा है। इस वर्ष भी उनके नेतृत्व में कार्यक्रम को भव्य और आकर्षक बनाने की तैयारियां जोरों पर हैं।
आयोजकों ने सभी अंबेडकरवादी साथियों से अपील की है कि वे अपने परिवार और मित्रों के साथ अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।
जय भीम – जय संविधान।


