
मुकनायक/ सत्यशील गोंडाने (बालाघाट )
बालाघाट, 16 मार्च।जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने लोक शांति भंग करने वाले दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर एसडीएम न्यायालय में पेश किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शहर में अपराध की रोकथाम तथा सार्वजनिक शांति भंग करने वाले उपद्रवियों के विरुद्ध सख्ती बरती जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निहित उपाध्याय एवं नगर पुलिस अधीक्षक मयंक दतवारी के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस लगातार निगरानी और कार्रवाई कर रही है।
इसी दौरान 16 मार्च 2026 को थाना कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि वार्ड क्रमांक 24 इंदिरा नगर में दो व्यक्ति सड़क पर आपस में विवाद कर रहे हैं। दोनों के बीच गाली-गलौज और हंगामे के कारण मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया था, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस द्वारा जांच के बाद दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतवाली में इस्तगासा क्रमांक 18/139/2026 दर्ज किया गया। आरोपियों के विरुद्ध धारा 170, 126(बी) एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें एसडीएम न्यायालय बालाघाट में प्रस्तुत किया गया।
गिरफ्तार आरोपी-
श्रीकांत उर्फ कालू कांडा सरोले (42 वर्ष), निवासी इंदिरा नगर, बालाघाट
मोनू उर्फ मयंक जोशी (38 वर्ष), निवासी इंदिरा नगर, बालाघाट
पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका-
पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक कामेश धमुकेती के नेतृत्व में उप निरीक्षक संजय किरार, उप निरीक्षक गौरव धुर्वे, प्रधान आरक्षक गजेन्द्र माटे, प्रधान आरक्षक हितेश राहंगडाले, प्रधान आरक्षक युगल किशोर पटले, आरक्षक शहजाद शेख, आरक्षक कमल एवं आरक्षक सुशील धुर्वे द्वारा की गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की सराहना की है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले तथा सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

