Saturday, March 14, 2026
HomeUncategorizedबिठली में ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों का क्षमतावर्धन प्रशिक्षण आयोजित

बिठली में ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों का क्षमतावर्धन प्रशिक्षण आयोजित

मूकनायक/ सत्यशील गोंडाने
बालाघाट

बालाघाट/ बैहर। ग्रामीण विकास को गति देने और जनभागीदारी को मजबूत बनाने के उद्देश्य से विकासखंड बैहर के सेक्टर बिठली में ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों का एक दिवसीय क्षमतावर्धन प्रशिक्षण पंचायत भवन बिठली में आयोजित किया गया। कार्यक्रम म.प्र. जन अभियान परिषद के तत्वावधान में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आह्वान तथा जिला कलेक्टर मृणाल मीणा के निर्देशन में आर्य समाज कल्याण समिति द्वारा संपन्न हुआ।

प्रशिक्षण में बिठली सेक्टर के अंतर्गत आने वाली ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारी, प्रतिनिधि एवं नवांकुर संस्था के अध्यक्ष राजीव परते सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण नेतृत्व, सामुदायिक सहभागिता, संगठन प्रबंधन तथा दस्तावेजीकरण जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रथम सत्र में ब्लॉक समन्वयक महेश पटले ने म.प्र. जन अभियान परिषद की स्थापना, उद्देश्य और परिषद की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियां ग्रामीण विकास का मजबूत आधार हैं, जिनके माध्यम से योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।

द्वितीय सत्र में परामर्शदाता शिवनाथ यादव ने स्वैच्छिकता, सामुदायिकता और स्वावलंबन के सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जब समाज स्वयं अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आगे आता है, तभी वास्तविक विकास संभव होता है।

तृतीय सत्र में परामर्शदाता सुरेश यादव ने समग्र विकास की अवधारणा पर जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम विकास केवल भौतिक संसाधनों तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक उन्नति से जुड़ा हुआ है। वहीं नवांकुर संस्था के अध्यक्ष राजीव परते ने स्वयंसेवी संगठनों के गठन एवं संचालन पर मार्गदर्शन दिया।

चतुर्थ सत्र में शिवनाथ यादव ने समितियों के दस्तावेजीकरण और अभिलेख संधारण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम को सफल बनाने में समाजसेवी संदीप गजभिये और विमल भावे का विशेष योगदान रहा।

समापन अवसर पर प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस दौरान पुलिस चौकी प्रभारी बिठली भगतसिंह कुंजाम, सुरेंद्र कुमरे, संदीप गजभिये, विमल भावे, चंदूलाल, ज्योति वरकड़े, दीपा मेश्राम, ममता कटरे, उषा हरिन्द्रवार, किरण, पीहू हरिन्द्रवार, कशीश मोहोबे सहित सीएमसीएलडीपी के छात्र एवं क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि और समाजसेवी उपस्थित रहे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments