15 मार्च से बिलासपुर में निःशुल्क खुरहा-चपका टीकाकरण महाअभियान
मूकनायक
कमलेश लवहात्रै छत्तीसगढ़ प्रभारी
बिलासपुर। जिले में पशुओं को खुरहा-चपका (एफएमडी) जैसी संक्रामक बीमारी से बचाने के लिए पशुधन विकास विभाग द्वारा 15 मार्च से 30 अप्रैल 2026 तक निःशुल्क टीकाकरण महाअभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जिले के चारों विकासखंडों में लगभग 4 लाख 14 हजार 666 पशुओं का टीकाकरण किया जाएगा।
कलेक्टर संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य पशुओं को संक्रमण से सुरक्षित रखना है। विभाग ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने पशुओं का समय पर टीकाकरण कराएं।
संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. जी.एस.एस. तंवर ने बताया कि खुरहा-चपका रोग में पशुओं को तेज बुखार, मुंह से लार आना, लंगड़ाना तथा खुर और मुंह में फफोले जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत पशु चिकित्सक को सूचना दें।
जिला नोडल अधिकारी डॉ. वीरेन्द्र पिल्ले ने बताया कि अभियान के तहत किसानों को जागरूक करने के लिए विभिन्न विकासखंडों में कृषक संगोष्ठियां भी आयोजित की जा रही हैं।



