मूकनायक/रिपोर्टर इंद्रसेन गौतम बस्ती/उत्तर प्रदेश
बस्ती। विकासखंड सल्टौआ गोपालपुर के ग्राम पंचायत सल्टौआ में मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक घर में गैस लीकेज के कारण भीषण आग लग गई। इस हादसे में पीड़ित परिवार को लगभग एक लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रहलाद यादव के घर में दूध गर्म करने के दौरान अचानक गैस सिलेंडर से रिसाव शुरू हुआ और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि सिलेंडर फट गया, जिसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और लोग जान बचाकर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सोनहा पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
समय रहते की गई इस कार्रवाई से आग को और फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
हादसे में घर के अंदर रखा काफी सामान जलकर राख हो गया है। पुलिस ने मामले का संज्ञान ले लिया है और आग लगने के कारणों व नुकसान का सटीक आकलन करने के लिए जांच शुरू कर दी है।

