Sunday, March 15, 2026
HomeUncategorizedमानवता का महादान: CRPF के रक्तदान शिविर में 126 यूनिट रक्त संग्रहित,...

मानवता का महादान: CRPF के रक्तदान शिविर में 126 यूनिट रक्त संग्रहित, कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न

मूकनायक समाचार
सत्यशील गोंडाने

बालाघाट। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के 87वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 208 कोबरा बटालियन द्वारा समाजसेवा और मानवता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को साकार करते हुए 10 मार्च को शासकीय महाविद्यालय किरनापुर में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस मानवीय पहल में जवानों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया, जिसके परिणामस्वरूप कुल 126 यूनिट रक्त का संग्रहण किया गया।

रक्तदान शिविर में युवाओं और नागरिकों का जोश देखने लायक था। लोगों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान करते हुए यह संदेश दिया कि संकट की घड़ी में किसी अनजान व्यक्ति का जीवन बचाना ही सच्ची मानवता है। एकत्रित किया गया रक्त भविष्य में किसी भी आपातकालीन स्थिति में जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर 208 कोबरा बटालियन के उपकमांडेंट नरशी मीणा ने रक्तदाताओं के उत्साह और सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे महान दान है, क्योंकि यह किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का माध्यम बनता है। उन्होंने जवानों, विद्यार्थियों और नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के सामाजिक कार्य समाज में जागरूकता और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम के समापन पर रक्तदान शिविर को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी रक्तदाताओं और सहयोगियों को सम्मानित किया गया। इस आयोजन ने न केवल मानवता और सेवा का प्रेरणादायक संदेश दिया, बल्कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने का भी महत्वपूर्ण कार्य किया।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments