महाबोधि महाविहार मुक्ति आंदोलन को लेकर बिलासपुर में 10 मार्च को एक दिवसीय धरना — ऑल इंडिया बुद्धिस्ट फोरम का आह्वान
मूकनायक
बिलासपुर छत्तीसगढ़
देश की ऐतिहासिक बौद्ध धरोहर महाबोधि महाविहार को बौद्ध समाज को सौंपने की मांग को लेकर चल रहे महाबोधि महाविहार मुक्ति आंदोलन के समर्थन में 10 मार्च 2026 को ज्ञानज्योति माता सावित्रीबाई फुले स्मृति दिवस के अवसर पर पूरे भारत में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में ऑल इंडिया बुद्धिस्ट फोरम, छत्तीसगढ़ के नेतृत्व में बिलासपुर में भी व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
ऑल इंडिया बुद्धिस्ट फोरम, जिला इकाई बिलासपुर द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के तहत 10 मार्च (मंगलवार) को सुबह 11 बजे से डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर प्रतिमा स्थल, बिलासपुर में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके पश्चात दोपहर 2 बजे जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति और राज्य सरकार के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
ऑल इंडिया बुद्धिस्ट फोरम के पदाधिकारियों ने बताया कि महाबोधि महाविहार विश्व बौद्ध समाज की सबसे महत्वपूर्ण ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहर है, जिसे बौद्ध समाज को सौंपे जाने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है। इसी उद्देश्य से ऑल इंडिया बुद्धिस्ट फोरम द्वारा पूरे देश में चरणबद्ध आंदोलन चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत विभिन्न राज्यों और जिलों में एक दिवसीय धरना आयोजित किए जा रहे हैं।
ऑल इंडिया बुद्धिस्ट फोरम, जिला इकाई बिलासपुर ने जिले के समस्त बौद्ध संगठनों, सामाजिक संस्थाओं, प्रबुद्धजनों, युवाओं, महिलाओं तथा समाज के प्रत्येक वर्ग से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक आंदोलन को सफल बनाएं और अपनी एकजुटता का शांतिपूर्ण प्रदर्शन करें।
आयोजकों ने कहा कि यह आंदोलन बौद्ध समाज की ऐतिहासिक विरासत, अस्मिता और धार्मिक अधिकारों से जुड़ा हुआ है। ऐसे में समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि “अभी नहीं तो कभी नहीं, अब नहीं तो कब” के संकल्प के साथ समाज को एक मंच पर आकर अपनी धरोहर की रक्षा के लिए आगे आना होगा।
इस कार्यक्रम के आयोजन में ऑल इंडिया बुद्धिस्ट फोरम, छत्तीसगढ़ के मार्गदर्शन में ऑल इंडिया बुद्धिस्ट फोरम, जिला इकाई बिलासपुर की प्रमुख भूमिका रहेगी, वहीं भारतीय बौद्ध महासभा तथा बौद्ध समाज के विभिन्न संगठन और संस्थाएं भी इसमें सहयोग प्रदान कर रहे हैं।


