महाबोधि महाविहार मुक्ति आंदोलन के समर्थन में 10 मार्च को महाराष्ट्र के कई जिलों में धरना और कलेक्टर को ज्ञापन
मूकनायक
कमलेश लवहात्रै छत्तीसगढ़ प्रभारी
दि रजिस्टर्ड बुद्धिस्ट सोसायटी ऑफ इंडिया (The Registered Buddhist Society of India) के तत्वावधान में दिनांक 10 मार्च 2026, मंगलवार को महान समाज सुधारक माता सावित्रीबाई फुले की पुण्यतिथि के अवसर पर महाबोधि महाविहार मुक्ति आंदोलन के समर्थन में एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना एवं जिला कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
संगठन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि यह कार्यक्रम महाराष्ट्र के जिला भंडारा, गोंदिया, चंद्रपुर व छत्तीसगढ़ राज्य के जांजगीर चाम्पा, शक्ति, महासमुंद सहित अन्य जिलों में व भी आयोजित किया जाएगा। इस आंदोलन में बड़ी संख्या में बुद्ध अनुयायी, सामाजिक कार्यकर्ता, धम्मप्रेमी नागरिक और विभिन्न बौद्ध संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
संगठन का कहना है कि महाबोधि महाविहार, जो विश्व बौद्ध समुदाय की आस्था का केंद्र है, उसके प्रबंधन में बौद्ध समुदाय की पूर्ण भागीदारी सुनिश्चित होना आवश्यक है। इसके लिए लंबे समय से देश-विदेश के बौद्ध समुदाय द्वारा महाबोधि महाविहार मुक्ति आंदोलन चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में दि रजिस्टर्ड बुद्धिस्ट सोसायटी ऑफ इंडिया और आल इंडिया बुद्धिस्ट्स फोरम तथा ऑल बुद्धिस्टस ऑर्गनाइजेशन के संयुक्त सहयोग से यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें जिला कलेक्टर के माध्यम से भारत सरकार को व बिहार सरकार को ज्ञापन सौंपकर महाबोधि महाविहार को पूर्ण रूप से बौद्ध समुदाय को सौंपने तथा संबंधित कानूनों में आवश्यक संशोधन की मांग की जाएगी।
यह कार्यक्रम महान शिक्षिका और समाज सुधारक माता सावित्रीबाई फुले की पुण्यतिथि पर आयोजित किया जा रहा है, जिन्होंने शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनके विचारों से प्रेरणा लेते हुए बौद्ध समाज अपने अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठा रहा है।
संगठन ने सभी बुद्ध अनुयायियों, सामाजिक न्याय के पक्षधर नागरिकों तथा मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धम्म, समानता और न्याय के इस अभियान को मजबूत करें।
दि रजिस्टर्ड बुद्धिस्ट सोसायटी ऑफ इंडिया(The Registered Buddhist Society of India) नए प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी।

