कांद्री-कन्हान नगर पंचायत में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर स्वास्थ्य शिविर व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित
मूकनायक
कमलेश लवहात्रै
कांद्री-कन्हान (जिला नागपुर)
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नगर पंचायत कांद्री-कन्हान में नगरसेविका एवं महिला व बाल कल्याण विभाग की सभापति एड. रोशनताई अतुल गजभिये के नेतृत्व में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महिलाओं के लिए नि:शुल्क हेल्थ चेकअप कैंप आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 200 महिलाओं ने भाग लेकर अपना स्वास्थ्य परीक्षण करवाया। साथ ही महिलाओं को नि:शुल्क औषधियों का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में महाराष्ट्र राज्य के विधायक एवं राज्य मंत्री एड. आशिषजी जैस्वाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए महिलाओं के सशक्तिकरण, शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।
सभापति एड. रोशनताई अतुल गजभिये ने कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया, जिसमें महिलाओं ने गीत-गायन और अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके साथ ही महिलाओं को घर से किए जा सकने वाले छोटे-छोटे उद्योगों तथा स्वरोजगार प्रशिक्षण के बारे में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंतर्गत मेडिकल कैंप में उपस्थित डॉक्टरों ने महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। इस दौरान सभापति एड. रोशनताई गजभिये ने महिलाओं को उनके मूलभूत और संवैधानिक अधिकारों के बारे में जागरूक करते हुए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन किया।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में उपसभापति मीनाक्षीताई भुते का भी विशेष योगदान रहा। उन्होंने समय-समय पर आयोजक एड. रोशनताई गजभिये को सहयोग प्रदान किया। वहीं नगर पंचायत के सीईओ सचिन गाढवे ने भी महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में जानकारी देते हुए कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
नगर पंचायत कांद्री-कन्हान के समस्त स्टाफ ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सराहनीय प्रयास किए। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष तथा सभी नगरसेविका और नगरसेवकों ने महिला दिवस के इस कार्यक्रम को उत्साहपूर्वक मनाने में अपना योगदान दिया।
समाज में महिलाओं के सम्मान के प्रतीक के रूप में सभी महिलाओं को पौधों के रोपों का वितरण कर उनका सम्मान किया गया। इस अवसर पर यह भी बताया गया कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़कर नेतृत्व कर रही हैं। डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर द्वारा दिए गए भारतीय संविधान के कारण महिलाओं को शिक्षा, संपत्ति, समानता और सशक्तिकरण के अधिकार प्राप्त हुए हैं।
कार्यक्रम के अंत में आयोजक एवं सभापति एड. रोशनताई अतुल गजभिये ने सभी उपस्थित अतिथियों, महिलाओं तथा सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया और पुनः सभी को महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कार्यक्रम में समय देने के लिए विधायक एवं राज्य मंत्री एड. आशिषजी जैस्वाल का विशेष धन्यवाद भी व्यक्त किया।


