न्यूज़ छत्तीसगढ़
एनटीपीसी सीपत में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर भव्य आयोजन, उत्कृष्ट महिला कर्मचारियों का हुआ सम्मान
बिलासपुर सीपत छत्तीसगढ़
मूकनायक
कमलेश लवहात्रै छत्तीसगढ़ प्रभारी
एनटीपीसी सीपत में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अवसर पर एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर परियोजना में कार्यरत महिला कर्मचारियों तथा एसोसिएट एजेंसियों के साथ कार्यरत महिला कर्मियों के योगदान, समर्पण और निरंतर प्रगति की सराहना की गई। कार्यक्रम के दौरान संविदा महिला श्रमिकों के कार्यों को भी विशेष रूप से सम्मानित करते हुए उन्हें स्मृति-चिन्ह भेंट कर शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में परियोजना प्रमुख स्वपन कुमार मंडल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर की वरिष्ठ अधिवक्ता फौजिया मिर्ज़ा उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर महिलाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कविता, गीत एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि महिलाएं आज न केवल इंजीनियरिंग, चिकित्सा और प्रशासनिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं, बल्कि कला और नवाचार के क्षेत्र में भी अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।
अपने संबोधन में परियोजना प्रमुख स्वपन कुमार मंडल ने इस वर्ष की थीम “गिव टू गेन” पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज की महिलाएं एक सशक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रचालन एवं अनुरक्षण, सेफ्टी, इंजीनियरिंग और आईटी जैसे तकनीकी विभागों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी यह सिद्ध करती है कि विकसित राष्ट्र के निर्माण में महिलाओं का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि फौजिया मिर्ज़ा ने एनटीपीसी सीपत द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए महिलाओं की आर्थिक और सामाजिक स्वतंत्रता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने महिला अधिकारों के प्रति जागरूकता की आवश्यकता पर जोर देते हुए अपने जीवन के अनुभव साझा किए। साथ ही उन्होंने एनटीपीसी में महिलाओं के हित में संचालित नीतियों की जानकारी ली और गर्भवती महिला कर्मचारियों के लिए संचालित कल्याणी योजना की विशेष सराहना करते हुए कहा कि ऐसी पहल अन्य संस्थानों में भी अपनाई जानी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान कोमल कृति उरांव, पुत्री एस.आर. उरांव (वरिष्ठ प्रबंधक, एनटीपीसी सीपत) को छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक सेवा परीक्षा 2024-25 में सिविल जज (जूनियर डिवीजन) के रूप में चयनित होने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
एनटीपीसी सीपत परिवार की महिला कर्मचारियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन को और भी जीवंत एवं यादगार बना दिया।
इस अवसर पर सुरोजित सिन्हा (महाप्रबंधक, प्रचालन एवं अनुरक्षण), अशोक सरकार (महाप्रबंधक, प्रचालन एवं एफएम), विकास खरे (महाप्रबंधक, इंजीनियरिंग) सहित अन्य विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



