Friday, April 17, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपंचशील झंडा और संविधान निर्माता के प्रतीक झंडे का अपमान, ग्रामीणों में...

पंचशील झंडा और संविधान निर्माता के प्रतीक झंडे का अपमान, ग्रामीणों में आक्रोश

मूकनायक/ दुर्गेंद्र सम्राट ब्यूरो प्रभारी बस्ती/ उत्तर प्रदेश

बस्ती। जिले के सोनहा थाना क्षेत्र के ग्राम कोपा में धार्मिक प्रतीकों के अपमान को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। गांव में स्थित विहार से पंचशील और डॉ. भीमराव अंबेडकर के प्रतीक स्वरूप झंडे को कथित तौर पर अपमानजनक तरीके से तोड़कर फेंका गया है। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने सोनहा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस को दी गई तहरीर में ग्रामीणों ने बताया कि कोपा गांव के विहार में पिछले 25 वर्षों से धार्मिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित होते रहे हैं। शिकायतकर्ताओं ने यह भी उल्लेख किया कि पिछले वर्ष होलिका दहन के दौरान भी पंचशील झंडे को उतारकर जला दिया गया था। हालांकि, उस समय शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।

ताजा घटना में, ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के ही कुछ व्यक्तियों ने ट्रैक्टर का इस्तेमाल कर जानबूझकर धार्मिक झंडे और संविधान निर्माता बाबा साहेब के प्रतीक झंडे को अपमानित किया और उन्हें तोड़कर फेंक दिया। इस घटना से पूरे गांव में गहरा रोष व्याप्त है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस अपमानजनक कृत्य से उनकी धार्मिक और सामाजिक भावनाएं आहत हुई हैं। शिकायत पत्र पर विजय कुमार, भोला, सुधीर कुमार, विनोद, सुषमा देवी, आशा देवी, कमला देवी और राजन सहित कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं। उन्होंने थानाध्यक्ष से मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच करने, दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध दंडात्मक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़े कदम उठाने का निवेदन किया है।

फिलहाल, पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि न्यायोचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे उच्चाधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखेंगे।

इस विषय में उपनिरीक्षक द्वारिका चौधरी ने कहा की जांच कर तुरंत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments