भारतीय मजदूर संघ ने किया विशाल धरना-प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
मूकनायक
कमलेश लवहात्रै
बिलासपुर छत्तीसगढ़
भारतीय मजदूर संघ के आह्वान पर आज देशभर के जिला मुख्यालयों में श्रमिकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर विरोध दिवस मनाया गया। इसी क्रम में जिला बिलासपुर में नेहरू चौक स्थित धरना स्थल पर विशाल धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रमिकों ने भाग लेकर मजदूर एकता का मजबूत प्रदर्शन किया।
धरना-प्रदर्शन में भारतीय रेल मजदूर संघ, सीपत ताप विद्युत मजदूर संघ, भारतीय कोयला खदान मजदूर संगठन बिलासपुर, बिजली कर्मचारी संघ बिलासपुर, स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ, राज्य कर्मचारी संघ, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संघ, मध्यान्ह भोजन रसोइया संघ सहित विभिन्न संस्थानों में कार्यरत ठेका श्रमिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में भारतीय मजदूर संघ के कार्यकर्ता विकास प्रकोष्ठ के अखिल भारतीय प्रभारी एवं मध्य क्षेत्र के निवर्तमान प्रभारी सुनील किरवई उपस्थित रहे। उनके साथ राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य गिरिजा शंकर आचार्य, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष शंखध्वनि सिंह बनाफर, स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ के अखिल भारतीय महामंत्री सुरेश तिवारी, रेलवे मजदूर संघ के अखिल भारतीय महामंत्री सुरेश पटेल तथा राज्य कर्मचारी संघ के अखिल भारतीय महामंत्री आर.पी. श्रीवास्तव ने सभा को संबोधित किया।
वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा, सम्मानजनक वेतन और सुरक्षित कार्यपरिस्थिति की अत्यंत आवश्यकता है। उन्होंने सरकार से सभी श्रम कानूनों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा श्रमिक हितों की रक्षा करने की मांग की।
सभा के उपरांत सैकड़ों महिला एवं पुरुष कामगारों ने नारेबाजी करते हुए रैली निकाली और कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रधानमंत्री, केंद्रीय श्रम मंत्री एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
संघ द्वारा प्रस्तुत नौ सूत्रीय मांग पत्र में सभी श्रेणी के श्रमिकों के लिए व्यापक सामाजिक सुरक्षा, गरिमापूर्ण जीवनयापन योग्य वेतन, लेबर कोड के अंतर्गत औद्योगिक संबंध संहिता एवं व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्यपरिस्थिति संहिता में श्रमिकों की शंकाओं का समाधान, स्कीमी वर्करों को शासकीय सेवक का दर्जा, अधिकतम श्रमिकों को ईपीएफ व ईएसआईसी की सुविधा, सरकारी नियुक्तियों पर लगी रोक हटाने तथा त्रिपक्षीय वार्ता पद्धति को सुदृढ़ करने की मांग प्रमुख रूप से शामिल है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जयप्रकाश दूबे ने की तथा संचालन जिला मंत्री श्री संजय तिवारी ने किया।
धरना-प्रदर्शन के माध्यम से श्रमिकों ने शासन-प्रशासन को स्पष्ट संदेश दिया कि मजदूर एकता के बल पर अपने अधिकारों की लड़ाई को और मजबूत किया जाएगा।




