मूकनायक/ दुर्गेंद्र सम्राट ब्यूरो प्रभारी बस्ती/ उत्तर प्रदेश
बस्ती। जनपद में लगातार बढ़ रहे साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से थाना सोनहा पुलिस ने कस्बा सोनहा में व्यापक साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया। यह अभियान वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में आयोजित किया गया, जिसकी कमान थानाध्यक्ष महेश सिंह ने स्वयं संभाली।
अभियान के दौरान थानाध्यक्ष महेश सिंह ने आमजन, व्यापारियों, महिलाओं और युवाओं से सीधे संवाद कर डिजिटल दुनिया में बढ़ते खतरों के प्रति सचेत किया। उन्होंने फिशिंग कॉल, ओटीपी फ्रॉड, यूपीआई ठगी, क्यूआर कोड स्कैनिंग के जरिए होने वाली ठगी, अज्ञात लिंक पर क्लिक करने के जोखिम, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग तथा ऑनलाइन लॉटरी जैसे प्रलोभनों से सावधान रहने की अपील की।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि “जागरूकता ही साइबर अपराध के खिलाफ सबसे मजबूत हथियार है। छोटी सी लापरवाही भी बड़ी आर्थिक क्षति का कारण बन सकती है।” उन्होंने लोगों को बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति से बैंक विवरण, ओटीपी या पासवर्ड साझा न करें और किसी संदिग्ध लिंक या कॉल पर तुरंत प्रतिक्रिया देने से बचें।
पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश सरकार की साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा आधिकारिक पोर्टल cybercrime.gov.in के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया विस्तार से समझाई। साथ ही थाना सोनहा का सीयूजी नंबर 9454403123 भी साझा किया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त की जा सके।
अभियान के अंतर्गत डिजिटल लेनदेन के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों पर विशेष जोर दिया गया। उपस्थित लोगों को बताया गया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
थाना सोनहा पुलिस की इस पहल को क्षेत्र में सराहनीय कदम माना जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने इसे जनहित में महत्वपूर्ण बताते हुए पुलिस प्रशासन के प्रयासों की प्रशंसा की। थानाध्यक्ष महेश सिंह की सक्रिय कार्यशैली और जनसंपर्क की पहल से क्षेत्र में साइबर अपराध के प्रति जागरूकता का स्तर बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही

