रायपुर में मंदिर से दानपेटी चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात
सरिया से ताला तोड़कर चोर फरार, पुलिस जांच में जुटी
मूकनायक
**संवाददाता:- स्वराज मेश्राम रायपुर छत्तीसगढ़ **
रायपुर में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला गोंदवारा स्थित बिंदेश्वर महादेव मंदिर का है, जहां अज्ञात चोर ने मंदिर में रखी दानपेटी को चोरी कर लिया। यह पूरी घटना मंदिर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात एक अज्ञात व्यक्ति मंदिर परिसर में पहुंचा और सरिया की मदद से मुख्य गेट का ताला तोड़ दिया। इसके बाद आरोपी मंदिर के अंदर प्रवेश कर वहां रखी दानपेटी को उठाकर मौके से फरार हो गया। सुबह जब मंदिर के पुजारी और आसपास के लोगों ने मंदिर का ताला टूटा देखा, तब घटना की जानकारी सामने आई।
मंदिर में लगे CCTV कैमरों की जांच करने पर चोरी की पूरी वारदात स्पष्ट रूप से दिखाई दी। घटना की सूचना तत्काल खमतराई थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर अज्ञात आरोपी की पहचान करने का प्रयास शुरू कर दिया है और आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में आक्रोश और भय का माहौल है।

