मूकनायक/ दुर्गेंद्र सम्राट ब्यूरो प्रभारी बस्ती/ उत्तर प्रदेश
बस्ती। जनपद बस्ती के थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गांधी नगर स्थित पिकौरा दत्त राय मोहल्ले में एक मकान मालिक ने अपने किरायेदारों पर अवैध कब्जे की कोशिश, किराया न देने, झूठे मुकदमे में फँसाने की धमकी और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा प्रदान करने और मकान खाली कराने की मांग की है।
मकान संख्या 143 के स्वामी विख्यात रंजन उर्फ अभिमन्यु, पुत्र स्वर्गीय राम प्रसाद श्रीवास्तव, ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि उनके मकान में रह रहे किरायेदार रत्नेश शुक्ला, संजय सिंह उनकी असहाय स्थिति का लाभ उठाकर मकान पर अवैध कब्जा करना चाहते हैं। पीड़ित के अनुसार माता-पिता के निधन के बाद वह घर में अकेले रहते हैं और लगातार मिल रही धमकियों के कारण अपने ही मकान में रहने से भयभीत हैं।
उन्होंने बताया कि पूर्व में थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराए जाने पर दोनों पक्षों को बुलाया गया था। उस दौरान किरायेदारों ने कोतवाली में लिखित रूप से मकान खाली करने के लिए दो से तीन माह का समय मांगा था। पीड़ित का आरोप है कि निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बावजूद अब तक मकान खाली नहीं किया गया है।
विख्यात रंजन ने यह भी बताया कि दिनांक 01 नवंबर 2025 को थाना कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई गई, किंतु अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई और न ही उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। उनका कहना है कि किरायेदार लगातार जान से मारने और झूठे मुकदमे में फँसाने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि यदि उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित लोगों की होगी।
पीड़ित का यह भी कहना है कि जब उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की, तो उन्हें न्यायिक प्रक्रिया अपनाने और न्यायालय से आदेश प्राप्त करने की सलाहकारों दी गई। इस पर उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए कठोर वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाए तथा उन्हें व्यक्तिगत सुरक्षा दी जाए

