दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल “मंडल रेल प्रबंधक द्वारा संरक्षा के सजग प्रहरियों को संरक्षा पुरस्कार से किया गया सम्मानित”
मूकनायक
कमलेश लवहात्रै छत्तीसगढ़ प्रभारी
नागपुर
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में दिनांक 18 फ़रवरी 2026 को मंडल रेल प्रबंधक सभाकक्ष में आयोजित संरक्षा बैठक के दौरान संभावित रेल दुर्घटनाओं को टालने में सतर्कता एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर माननीय मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता द्वारा संबंधित कर्मचारियों को नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक ने अपने संबोधन में कहा कि संरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा कर्मचारियों की सजगता, तत्परता एवं जिम्मेदारीपूर्ण कार्यशैली ही सुरक्षित रेल संचालन की आधारशिला है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से इसी प्रकार सतर्क रहकर कार्य करने का आह्वान किया।
सम्मानित कर्मचारियों का विवरण निम्नानुसार है—
1) मनु चंद्रवंशी, पॉइंट्समैन ‘बी’ / पादरीगंज
ट्रेन एन/वीआईपीएस के साथ सिग्नल एक्सचेंज के दौरान आपने एक वैगन में हॉट एक्सल की स्थिति देखी। आपने तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित किया। तत्पश्चात ट्रेन को नगरवाडा स्टेशन पर रोका गया, जहां जांच के दौरान 21वें वैगन में हॉट एक्सल की पुष्टि हुई। आपकी सतर्कता से संभावित दुर्घटना टली।
2) नानेश्वर आत्माराम, टेक-I / सी एंड डब्ल्यू / गोंदिया
डाउन रोलिंग पॉइंट/गोंदिया से ट्रेन बीसीएन डीएन/ई के गुजरने के दौरान आपने 29वें वैगन में ब्रेक ब्लॉक की कमी तथा ब्रेक बीम के नीचे लटकने की स्थिति देखी। आपकी सूचना पर जांच की गई और संबंधित वैगन को ‘सिक’ घोषित कर अलग किया गया, जिससे सुरक्षित संचालन सुनिश्चित हुआ।
3) राजकुमार पटले, लोको पायलट (सवारी) / गोंदिया एवं
4) तनुज मेहरा, सहायक लोको पायलट / गोंदिया
गाड़ी क्रमांक 68812 के संचालन के दौरान वारासिवनी–बालाघाट खंड के कि.मी. 1046/02-01 पर स्थित गेट क्रमांक BK-4/E रोड यातायात के लिए खुला पाया गया। कर्मीदल ने तत्काल आपातकालीन ब्रेक लगाकर गाड़ी को गेट के पूर्व सुरक्षित रोका। तत्पश्चात गेटमैन द्वारा फाटक बंद किया गया और सुरक्षा सुनिश्चित होने के बाद गाड़ी को आगे रवाना किया गया। उनकी सूझबूझ एवं त्वरित निर्णय से एक गंभीर दुर्घटना की संभावना टल गई।
कार्यक्रम के अंत में मंडल रेल प्रबंधक ने सभी पुरस्कृत कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे उदाहरण पूरे मंडल के लिए प्रेरणास्रोत हैं और सुरक्षित रेल संचालन के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करते हैं।


