मूकनायक/राजेश कुमार/तहसील रिपोर्टर/बस्ती/उत्तर प्रदेश
भानपुर, बस्ती। भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने किसानों की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर उपजिलाधिकारी भानपुर को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र निस्तारण की मांग की। संगठन ने कहा कि यदि समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से नहीं किया गया तो किसान आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
प्रमुख मांगे
- किसानों ने मांग की कि सरकार द्वारा चल रही बिजली बिल छूट समाधान योजना की अवधि बढ़ाई जाए, क्योंकि कई उपभोक्ता अभी लाभ से वंचित हैं। साथ ही स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग भी की गई।
- किसानों ने कहा कि छुट्टा पशुओं (गाय, बैल, बछड़ा, नीलगाय, सुअर, बंदर आदि) से फसलों को भारी नुकसान हो रहा है। ऐसे में मुआवजा दिया जाए तथा पशुओं को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर रखा जाए।
- वाटरगंज व अठदमा चीनी मिलों पर किसानों का पुराना गन्ना भुगतान बकाया है। किसानों ने ब्याज सहित भुगतान कराने और मिल गेट पर चल रहे धरने को संज्ञान में लेकर वार्ता कराने की मांग की।
- नरखोरिया चौराहा से कारटे खैरा चौराहा तक बनी सड़क की समयावधि पूरी हो चुकी है और कई स्थानों—गोपिया सरयू नहर पुल के उत्तर-दक्षिण, मझारी पूरब से गांव के सरयू नहर तक परसा से बंगवा चौराहे तक सड़क क्षतिग्रस्त है। किसानों ने दूसरे विभाग से मरम्मत कराने की मांग की।
- कांटे खैरा चौराहे पर इंटर कॉलेज से आगे तक सड़क पूरी तरह टूट चुकी है, जिसे शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग की गई।
- धारा 34 के मामलों का समय से निस्तारण, पक्की पैमाइश की शुल्क जानकारी तथा न्यायालयों में लंबित मुकदमों के शीघ्र निपटारे की मांग की गई।
- 50 वर्ष से अधिक आयु के गरीब किसानों/व्यापारियों के लिए सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, आधार कार्ड बनवाने तथा जन्म प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया व आवश्यक दस्तावेजों की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की गई।
- नगर पंचायत भानपुर के द्वारा जो आवास सर्वे की है, पुनः जांच कर सोनहा बाजार क्षेत्र में अपात्र लोगों को आवास दिए जाने की शिकायत करते हुए सर्वे की दोबारा जांच की मांग की गई।
- पेंशन, राशन कार्ड, आवास और शौचालय का लाभ अधिक से अधिक पात्र गरीबों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ देने की मांग की गई।
ज्ञापन सौंपने के दौरान शामिल रहे मंडल उपाध्यक्ष नायब चौधरी, कोषाध्यक्ष राम जगत चौधरी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संत कुमार भारती (भानपुर), पीतांबर मौर्य, कैलासी, सीतापति, मालती देवी, राम शब्द चौधरी सहित भारतीय किसान यूनियन के अनेक पुरुष एवं महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अंततः किसानों ने प्रशासन से मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने की अपेक्षा जताई है।

