मूकनायक/राजेश कुमार तहसील रिपोर्टर/बस्ती/उत्तर प्रदेश
बस्ती। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती के पावन अवसर पर रामनगर क्षेत्र में “विशाल धम्म चर्चा” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम अमरौली शुमाली, भिरिया बाजार के समीप शिवाघाट–सोनहा मार्ग स्थित सरदार पटेल बाबूराम वर्मा परिसर में सकुशल संपन्न हुआ।
आयोजन में क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं, अधिवक्ताओं, शिक्षकों तथा विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मा० राम सुभग मौर्य ने की, जबकि संचालन मा० राकेश पटेल द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में विख्यात मा० डॉ. सम्पूर्णानंद ( पूर्वांचल गांधी वरिष्ठ समाजसेवी गोरखपुर ) उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में मा० बाल कृष्ण चौधरी, गंगा प्रसाद कन्नौजिया, मा० राम दुलारे (मास्टर साहब) मौजूद रहे।
वक्ताओं की कड़ी में प्रखर वक्ता मा० अमिरता भारती, मा० शैलेन्द्र कुमार एडवोकेट, मा० बुद्धि प्रकाश एडवोकेट, मा० विकास वर्मा एवं बहुत से वक्तागण शामिल हुए।
आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण गोरखपुर के प्रसिद्ध वैज्ञानिक जादूगर मा० अशोक कुमार राय रहे। उन्होंने धम्म और वैज्ञानिक दृष्टिकोण पर आधारित विशेष प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह को तर्क, विवेक और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। उनकी प्रस्तुति को श्रोताओं ने अत्यंत सराहा।
धम्म चर्चा के दौरान वक्ताओं ने संत रविदास के समता, मानवता, बंधुत्व और सामाजिक न्याय के विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही बौद्ध धम्म के मूल सिद्धांतों—करुणा, प्रज्ञा और समता—पर गंभीर विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि संत रविदास का संदेश आज भी सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने और समरस समाज के निर्माण के लिए अत्यंत प्रासंगिक है।
कार्यक्रम में अर्जक संघ बस्ती के जिला मंत्री सहित अनेक सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संकल्प व्यक्त किया।
अंत में आयोजन समिति ने क्षेत्र के सभी नागरिकों से ऐसे कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील करते हुए कहा कि संत रविदास के आदर्शों पर चलकर ही समाज में समानता, बंधुत्व और मानवता की स्थापना संभव है।

