Thursday, February 26, 2026
HomeUncategorizedसरगुजा ओलंपिक : जिला स्तरीय मुकाबलों में 10,577 खिलाड़ियों का दमखम

सरगुजा ओलंपिक : जिला स्तरीय मुकाबलों में 10,577 खिलाड़ियों का दमखम

मूकनायक/गौतम बालबोंदरे
उप संपादक छत्तीसगढ़

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित हो रहे सरगुजा ओलंपिक के जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं ने खेल प्रतिभा का अभूतपूर्व प्रदर्शन देखा। सरगुजा संभाग के सभी छह जिलों से कुल 10,577 खिलाड़ियों ने जूनियर और सीनियर वर्ग में 12 खेलों में भाग लेकर अपनी क्षमता और जज्बे का परिचय दिया।

5 फरवरी से 13 फरवरी के बीच अलग-अलग तिथियों में जिला मुख्यालयों पर आयोजित इन प्रतियोगिताओं में विकासखंड स्तर से चयनित खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। अब जिला विजेता खिलाड़ी संभाग स्तरीय स्पर्धाओं में अपनी चमक बिखेरेंगे।

जिलावार सहभागिता का परिदृश्य-

जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों की भागीदारी इस प्रकार रही—

जशपुर – 3,126 खिलाड़ी

बलरामपुर-रामानुजगंज – 2,424 खिलाड़ी

सूरजपुर – 2,014 खिलाड़ी

सरगुजा – 1,797 खिलाड़ी

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर – 706 खिलाड़ी

कोरिया – 510 खिलाड़ी

इन आंकड़ों ने स्पष्ट कर दिया कि संभाग में खेलों के प्रति युवाओं और किशोरों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है।

12 खेलों में प्रतिभा का प्रदर्शन

जिला स्तरीय आयोजनों में खिलाड़ियों ने 5 व्यक्तिगत और 7 दलीय खेलों में हिस्सा लिया।

व्यक्तिगत स्पर्धाएं
एथलेटिक्स (100, 200, 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो, 400 मीटर रिले), तीरंदाजी (इंडियन राउंड), बैडमिंटन, कुश्ती और कराटे।

दलीय खेल
फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, रस्साकसी और बास्केटबॉल।

प्रतियोगिताएं जूनियर वर्ग (14–17 वर्ष, बालक/बालिका) और सीनियर वर्ग (18 वर्ष से अधिक, महिला/पुरुष) में आयोजित की गईं।

विकासखंड से जिला तक—खेल क्रांति की शुरुआत

सरगुजा ओलंपिक के पहले चरण में संभाग के सभी 32 विकासखंडों से कुल 3,49,370 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था। इनमें

1,59,712 पुरुष खिलाड़ी

1,89,658 महिला खिलाड़ी शामिल रहीं।

महिला खिलाड़ियों की उल्लेखनीय भागीदारी ने खेल क्षेत्र में बढ़ती समानता और सशक्तिकरण की तस्वीर प्रस्तुत की।

विजेताओं को मिलेगा विशेष अवसर-

संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के विजेताओं को खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा राज्य में संचालित खेल अकादमियों में सीधे प्रवेश का अवसर प्रदान किया जाएगा। साथ ही चयनित खिलाड़ियों को यूथ आइकॉन घोषित किया जाएगा, जो आने वाली पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रेरित करेंगे।

सरगुजा ओलंपिक न केवल एक प्रतियोगिता, बल्कि ग्रामीण और अंचल क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच देने का सशक्त अभियान बनकर उभरा है। जिला स्तरीय मुकाबलों की ऊर्जा और उत्साह ने संकेत दे दिया है कि आने वाले संभाग स्तरीय आयोजन और भी अधिक रोमांचक और प्रेरणादायक होंगे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments