नैनपुर स्टेशन यार्ड में रेलवे–एनडीआरएफ का संयुक्त आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल सफल
मूकनायक
कमलेश लवहात्रै छत्तीसगढ़ प्रभारी
नागपुर
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल द्वारा आपदा प्रबंधन तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 12 फरवरी 2026 को नैनपुर रेलवे स्टेशन यार्ड में रेलवे एवं 11वीं राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), वाराणसी के साथ संयुक्त मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया।
यह अभ्यास मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में संपन्न हुआ। मॉक ड्रिल का उद्देश्य संभावित रेल दुर्घटना अथवा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, राहत एवं बचाव कार्यों की दक्षता का परीक्षण करना तथा विभिन्न विभागों और बाहरी एजेंसियों के बीच समन्वय को मजबूत करना था।
अभ्यास के दौरान एक काल्पनिक रेल दुर्घटना की स्थिति बनाई गई। दुर्घटनाग्रस्त कोच से यात्रियों को सुरक्षित निकालने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने, स्ट्रेचर के माध्यम से सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने और अस्पताल भेजने की संपूर्ण प्रक्रिया का वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप प्रदर्शन किया गया। साथ ही आग लगने की स्थिति से निपटने, धुएं से बचाव, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा घेरा बनाने तथा राहत दलों के बीच प्रभावी संचार व्यवस्था का भी सफल अभ्यास किया गया।
इस संयुक्त अभ्यास में परिचालन, इंजीनियरिंग, यांत्रिक, विद्युत, सिग्नल एवं दूरसंचार, चिकित्सा, वाणिज्य विभाग, सिविल डिफेंस एवं रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। वहीं 11वीं एनडीआरएफ, वाराणसी की टीम ने आधुनिक उपकरणों एवं तकनीकों की सहायता से बचाव कार्यों का कुशल संचालन किया।
अभ्यास के उपरांत मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है और आपदा की स्थिति में त्वरित व समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के संयुक्त अभ्यास अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे अभ्यासों से संभावित कमियों की पहचान कर उन्हें समय रहते दूर किया जा सकता है।
इस अवसर पर नागपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, मीडियाकर्मी तथा स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। रेलवे प्रशासन ने पुनः अपनी प्रतिबद्धता दोहराई कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु भविष्य में भी इस प्रकार के संयुक्त अभ्यास नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।


