12 फरवरी को ‘भारत बंद’ का आह्वान, बिलासपुर में नेहरू चौक पर प्रदर्शन की तैयारी पूर्ण
मूकनायक
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और विभिन्न किसान संगठनों द्वारा 12 फरवरी को देशव्यापी हड़ताल यानी ‘भारत बंद’ का आह्वान किया गया है। इस हड़ताल में देशभर से लगभग 30 करोड़ मजदूरों और किसानों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
हड़ताल के मुख्य मुद्दों में केंद्र सरकार की कथित मजदूर-विरोधी और किसान-विरोधी नीतियों का विरोध, चार श्रम संहिताओं को रद्द करने की मांग, प्रस्तावित बीज विधेयक का मसौदा वापस लेने की मांग, विद्युत संशोधन विधेयक का विरोध, मनरेगा को पूरी तरह बहाल करने की मांग तथा फ्री ट्रेड एग्रीमेंट का विरोध शामिल है।
संभावना जताई जा रही है कि हड़ताल के कारण बैंकिंग सेवाएं, सरकारी कार्यालय, परिवहन सेवाएं और बाजारों में आंशिक या व्यापक प्रभाव देखने को मिल सकता है। विभिन्न कर्मचारी संगठनों और किसान यूनियनों ने हड़ताल को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारी की है।
इसी क्रम में किसान मजदूर महासंघ, बिलासपुर (छत्तीसगढ़) ने भी हड़ताल के समर्थन में भागीदारी की घोषणा की है। महासंघ के अध्यक्ष श्याम मूरत कौशिक ने जानकारी देते हुए बताया कि 12 फरवरी को सुबह 11 बजे से नेहरू चौक, बिलासपुर में महासंघ के सदस्य एकत्रित होकर प्रदर्शन करेंगे।
उन्होंने आम जनता, किसानों और मजदूर साथियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आंदोलन को सफल बनाएं।
श्याम मूरत कौशिक
अध्यक्ष, किसान मजदूर महासंघ, बिलासपुर (छग)


