


मूकनायक समाचार /सत्यशील गोंडाने (बालाघाट)
जिला स्तरीय त्रिरत्न बुद्ध विहार, कोसमी (बालाघाट) में दिनांक 9 फरवरी 2026 को अंतरराष्ट्रीय बौद्ध महोत्सव भव्य एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर जापान, थाईलैंड, तिब्बत एवं भारत से पधारे सुप्रसिद्ध बौद्ध भिक्षुगणों की उपस्थिति से संपूर्ण बालाघाट जिला बौद्धमय हो उठा।
महोत्सव के अंतर्गत त्रिरत्न बुद्ध विहार का लोकार्पण, तथागत सम्यक संबुद्ध की प्रतिमा का अनावरण तथा भिक्षु निवास का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन बालाघाट जिला बौद्ध संघ, संरक्षक संघ, बहुजन संघ, आल इंडिया समता सैनिक दल, धम्मराज धम्म वर्ग संघ, जिला स्तरीय सार्वजनिक जयंती समारोह समिति, दी बुद्धिस्ट सोसायटी ऑफ इंडिया (शाखा बालाघाट) एवं भारतीय बौद्ध महासभा बालाघाट के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।


कार्यक्रम की अध्यक्षता जगत विख्यात धम्मदूत पूज्य भदंत संघरत्न मानके जी (संस्थापक अध्यक्ष, पज्जा मेता संघ जापान/भारत) ने की। उद्घाटन पूज्य भदंत खोशो तानी जी (मुख्य विहाराधिपति, जापान) द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में पूज्य भदंत शोझेन आराही जी (निदेशक, द लाइट अप ए कार्नर – विश्व गतिविधियां, नेदाई संघ, जापान) उपस्थित रहे।
विशेष अतिथियों में पूज्य भदंत शोताई योकोयामा जी (माउंट हिऐई, जापान), पूज्य भदंत डॉ. ज्ञानदीप महाथेरो (थाई स्टूडेंट्स एसोसिएशन, बैंकॉक/कोषाध्यक्ष आल इंडिया भिक्षु संघ, बोधगया), पूज्य भदंत डॉ. वण्णसामी (नागपुर), पूज्य भदंत खेईचि तेराशिमा, पूज्य भदंत ज्योंखा ओनो (टोक्यो), पूज्य भदंत लोबझाग तेपा (तिब्बती कैंप), पूज्य भदंत डॉ. चंद्रकीर्ति (राष्ट्रीय सलाहकार, आल इंडिया बुद्धिस्ट फोरम) सहित देश-विदेश के अनेक वरिष्ठ भिक्षु-भिक्षुणी एवं उपासक-उपासिकाएं शामिल रहीं।



कार्यक्रम के प्रमुख मार्गदर्शक पूज्य भदंत धम्मशिखर जी (त्रिरत्न बुद्ध विहार, कोसमी) रहे, जबकि स्वागताध्यक्ष उपासक रमेश थेटे (Re-IAS), सेवानिवृत्त प्रिंसिपल सेक्रेटरी, म.प्र. शासन, भोपाल थे। अधिवक्ता संजय खोबरागड़े (जिला अध्यक्ष, बालाघाट जिला बौद्ध संघ), देवेंद्र (मल्ला) मेश्राम तथा अन्य गणमान्यजनों की विशेष उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार सुबह 9 बजे डॉ. बाबा साहब अंबेडकर चौक, बालाघाट में संविधान निर्माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण व पूजा-वंदना की गई। इसके पश्चात विशाल रैली शहर भ्रमण करते हुए कार्यक्रम स्थल पहुँची। दोपहर 12 बजे लोकार्पण एवं अनावरण संपन्न हुआ। 12:30 बजे जापानी, तिब्बती एवं पाली भाषा में पूजा-वंदना तथा तत्पश्चात विद्वान भिक्षुगणों द्वारा धम्म देशना दी गई।

आयोजन में बहुजन संघ, संरक्षक संघ एवं आल इंडिया समता सैनिक दल के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता रही। रवि पटले (जिला महासचिव, बालाघाट जिला बौद्ध संघ) ने जिलेभर के बौद्ध उपासक-उपासिकाओं से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक-धार्मिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वालों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर परसवाड़ा विधायक मधु भगत एवं लालबर्रा विधायक अनुभा मुंजारे भी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वक्ताओं ने संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे जीवन को मंगलमय बनाने का सशक्त माध्यम बताया।
अंतरराष्ट्रीय सहभागिता, अनुशासित आयोजन एवं धम्ममय वातावरण के साथ यह महोत्सव बालाघाट के सामाजिक-सांस्कृतिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में दर्ज वही कोसमी बालाघाट के सबसे लंबे पुल ओवर ब्रिज से सबसे पहले बौद्ध धम्म रैली निकाल कर इतिहास बना बालाघाट।
अतः मैं सभी अतिथियों का मान, संजय खोबरागड़े ने आभार व्यक्त किया। और कहा आज 09/02/2026 से हर वर्ष अंतरराष्ट्रीय बौद्ध कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

