संघर्ष और सपनों की प्रेरक कहानी है आर्यन फ़िल्म की “सपना”
बेलतरा विधायक शुशांक शुक्ला ने किया फ़िल्म पोस्टर का विमोचन
मूकनायक
कमलेश लवहात्रै छत्तीसगढ़ प्रभारी
बिलासपुर छत्तीसगढ़
आर्यन फ़िल्म के बैनर तले निर्मित सामाजिक एवं प्रेरणादायक फ़िल्म “सपना” का भव्य पोस्टर विमोचन बेलतरा विधायक श्री शुशांक शुक्ला के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ। इस अवसर पर साहित्य, कला एवं सिनेमा जगत से जुड़े कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में डॉ. एल.सी. माधरिया, प्रख्यात लेखिका ऋतु साहू तथा फ़िल्म के निर्देशक रामा नन्द तिवारी विशेष रूप से मौजूद रहे। अतिथियों ने फ़िल्म के विषय और इसके सामाजिक सरोकारों की सराहना करते हुए इसे आमजन से जुड़ी संवेदनशील प्रस्तुति बताया।
फ़िल्म “सपना” एक गरीब किसान और उसकी बेटी के सपनों को साकार करने के लिए किए गए संघर्ष की मार्मिक कहानी है, जो समाज की वास्तविक परिस्थितियों को बेहद सशक्त और प्रभावशाली ढंग से दर्शाती है। यह फ़िल्म न केवल भावनात्मक जुड़ाव पैदा करती है, बल्कि दर्शकों को प्रेरणा भी देती है।
फ़िल्म में आंचल पाण्डेय, प्रिशा पाण्डेय, वैष्णवी पाण्डेय, तारा यादव, महेंद्र सूर्यवंशी, नरेंद्र सिंह चंदेल, डॉ. सुनंदा मरावी, सुनील पाण्डेय, सोनू महंत एवं राकेश तिवारी ने सशक्त अभिनय से अपने किरदारों को जीवंत किया है। फ़िल्म को खुशी देवांगन का क्रिएटिव सपोर्ट प्राप्त हुआ है।
तकनीकी पक्ष की बात करें तो फ़िल्म की डीओपी और एडिटिंग जितेन्द्र सिदार द्वारा की गई है, वहीं प्रभावशाली बैकग्राउंड म्यूज़िक ‘द बाइट घराना’ ने तैयार किया है, जो कहानी को और भी गहराई देता है।
फ़िल्म को नृत्य धारा फाउंडेशन, आशीर्वाद हॉस्पिटल, महेंद्र सूर्यवंशी एवं महेंद्र ट्रैक्टर शोरूम का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ है।
गौरतलब है कि फ़िल्म “सपना” पहले ही बुंदेलखंड फ़िल्म फेस्टिवल, खजुराहो फ़िल्म फेस्टिवल और टैगोर फ़िल्म अवार्ड में अपनी जगह बना चुकी है, जो इसकी गुणवत्ता और विषयवस्तु की प्रमाणिकता को दर्शाता है।
स्थानीय सिनेमा के क्षेत्र में यह फ़िल्म एक सार्थक और प्रेरणादायक प्रयास मानी जा रही है, जिसे दर्शकों का भरपूर समर्थन मिलने की उम्मीद है।


