मूकनायक/ दुर्गेंद्र सम्राट ब्यूरो प्रभारी बस्ती/ उत्तर प्रदेश
बस्ती। बस्ती पुलिस महकमे ने अपना एक होनहार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी खो दिया है। थाना परशुरामपुर में तैनात SSI अजय गौड़, जो बीते 5 फरवरी से लापता चल रहे थे, उनका शव रविवार को अयोध्या में सरयू नदी से बरामद किया गया। इस दर्दनाक खबर के सामने आते ही पूरे पुलिस विभाग में शोक और स्तब्धता का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, SSI अजय गौड़ उस समय थाना परशुरामपुर में प्रभारी SO की जिम्मेदारी संभाल रहे थे क्योंकि नियमित SO छुट्टी पर थे। इसी दौरान 5 फरवरी को वह अचानक लापता हो गए। उनके गायब होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तलाश तेज़ कर दी गई।
जांच के दौरान सामने आया कि CCTV फुटेज में SSI अजय गौड़ को बस्ती मुख्यालय तक जाते हुए देखा गया था। इसके बाद उनकी गतिविधियों का कोई ठोस सुराग नहीं मिला। कुछ ही समय बाद कुवानों नदी के किनारे उनकी बाइक लावारिस हालत में मिलने से मामला और भी रहस्यमय हो गया। तभी से आशंका जताई जा रही थी कि मामला सामान्य नहीं है।
पत्रकार द्वारा SP PRO से की गई बातचीत में भी इस बात की आधिकारिक पुष्टि हुई कि सरयू नदी से बरामद शव SSI अजय गौड़ का ही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिससे मौत के कारणों की सटीक जानकारी मिल सके।
इस पूरे घटनाक्रम ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं—SSI अजय गौड़ बस्ती से अयोध्या कैसे पहुंचे? उनकी बाइक कुवानों नदी के किनारे क्यों मिली? यह आत्महत्या है, हादसा या किसी साजिश का नतीजा? फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए गहन जांच में जुटी हुई है।
SSI अजय गौड़ की असमय मौत से पुलिस विभाग ही नहीं, बल्कि उनके परिवार, सहयोगियों और जानने वालों में भी गहरा शोक है। साथी अधिकारी उन्हें एक ईमानदार, मेहनती और जिम्मेदार अफसर के रूप में याद कर रहे हैं।

