Thursday, February 26, 2026
HomeUncategorizedबिलासपुर में डीजे वाहनों पर पुलिस की सख्ती, एक दर्जन पर वैधानिक...

बिलासपुर में डीजे वाहनों पर पुलिस की सख्ती, एक दर्जन पर वैधानिक कार्रवाई

बिलासपुर में डीजे वाहनों पर पुलिस की सख्ती, एक दर्जन पर वैधानिक कार्रवाई

मूकनायक छत्तीसगढ़


बिलासपुर। शहर में ध्वनि प्रदूषण और यातायात नियमों के उल्लंघन पर अंकुश लगाने के लिए बिलासपुर पुलिस ने डीजे वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया है। अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में नियमों का उल्लंघन करते पाए गए करीब एक दर्जन डीजे वाहनों पर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर ने सभी थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नियमों का उल्लंघन करने वाले डीजे वाहनों को जब्त कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। उल्लेखनीय है कि माननीय उच्च न्यायालय बिलासपुर द्वारा डीजे और कोलाहल को लेकर नाराजगी भी जताई गई थी।
विशेष जांच अभियान के दौरान थाना सरकंडा क्षेत्र अंतर्गत मार्क हॉस्पिटल के पास तेज आवाज में डीजे बजाते पाए जाने पर संबंधित वाहन को थाना लाकर कार्रवाई की गई। वहीं थाना सिरगिट्टी क्षेत्र के तिफरा काली मंदिर के पास खड़े डीजे वाहन क्रमांक CG11 AB 1940 एवं CG10 BH 4895 नियमों का उल्लंघन करते पाए गए, जिन पर पुलिस ने कार्रवाई की।
थाना सिविल लाइन क्षेत्र में राजीव गांधी चौक एवं रिंग रोड नंबर–2 के पास खड़ी दो डीजे गाड़ियों में साउंड सिस्टम निर्धारित मानकों से बाहर और ऊंचाई से अधिक पाया गया, जिस पर वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त थाना बिल्हा, मस्तूरी एवं हिर्री क्षेत्रों में भी नियम उल्लंघन पर डीजे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कोलाहल अधिनियम एवं मोटर व्हीकल अधिनियम के तहत नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन के मामलों में कड़ी कार्रवाई के लिए आरटीओ को भी पत्र प्रेषित किया गया है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments