Thursday, February 26, 2026
HomeUncategorizedसंकुल स्रोत केंद्र सलनी में खेल-कूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन,शिक्षा,...

संकुल स्रोत केंद्र सलनी में खेल-कूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन,शिक्षा, अनुशासन और प्रतिभा के सर्वांगीण विकास की मिसाल

संकुल स्रोत केंद्र सलनी में खेल-कूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन
,शिक्षा, अनुशासन और प्रतिभा के सर्वांगीण विकास की मिसाल

मूकनायक/महिपाल सिंह टंडन

सलनी (जैजैपुर) छत्तीसगढ़6

विकास खंड जैजैपुर, जिला सक्ती (छत्तीसगढ़) अंतर्गत संकुल स्रोत केंद्र सलनी में दो दिवसीय खेल-कूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का सफल एवं अनुकरणीय आयोजन किया गया। यह आयोजन 5 एवं 6 फरवरी 2026 को शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय, सलनी परिसर में संपन्न हुआ, जिसमें क्षेत्र के विद्यार्थियों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं अभिभावकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में शारीरिक, मानसिक एवं सांस्कृतिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, सहयोग और नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करना रहा। आयोजन ने यह सिद्ध किया कि विद्यालय केवल अध्ययन का केंद्र ही नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों और संस्कारों के निर्माण का भी सशक्त माध्यम है।

खेल-कूद प्रतियोगिताओं से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

दिनांक 5 फरवरी 2026 (गुरुवार) को प्रातः 9 बजे से विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें कबड्डी, दौड़ (100 मीटर, 200 मीटर), लंबी कूद, गणित दौड़ सहित अन्य शारीरिक एवं बौद्धिक खेल सम्मिलित रहे। विद्यार्थियों ने अनुशासन, उत्साह और खेल भावना का उत्कृष्ट परिचय देते हुए प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया।

इस अवसर पर कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती राजेश्वरी टंकेश्वर (पप्पू) चन्द्रा जी, सभापति जनपद पंचायत जैजैपुर रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री लेखराम चन्द्रा जी (प्राचार्य) द्वारा की गई।
विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री पुष्पेन्द्र कुमार टंडन जी, श्री जय चन्द्रा जी सहित अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।

सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं पुरस्कार वितरण समारोह

दिनांक 6 फरवरी 2026 (शुक्रवार) को सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत लोकनृत्य, गीत, नाटक एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया और वातावरण उल्लासपूर्ण बना दिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत सक्ती की अध्यक्ष श्रीमती द्रौपदी किरण चन्द्रा जी रहीं।
अति विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती कुमुदिनी बाघ द्विवेदी जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
विशिष्ट अतिथियों में श्री दीपक कुमार गुप्ता जी (विकास खंड शिक्षा अधिकारी), श्रीमती पुष्पा परदेशी खुंटे जी, श्री सीताराम चन्द्रा जी, श्री उमाशंकर चन्द्रा जी सहित जनपद पंचायत के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों का उत्साह और आत्मविश्वास और अधिक बढ़ा।

/// सफल आयोजन में शिक्षकों की सराहनीय भूमिका ///

आयोजन की सफलता के लिए संकुल स्रोत केंद्र सलनी के समस्त शिक्षकों को विभिन्न दायित्व सौंपे गए थे। खेल संचालन, मंच व्यवस्था, निर्णायक दल, भोजन व्यवस्था, अनुशासन, सांस्कृतिक कार्यक्रम संचालन एवं समन्वय—हर स्तर पर शिक्षकों ने समर्पण, अनुशासन और टीम भावना का परिचय देते हुए अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया।

/// संकुल समन्वयक की नेतृत्वकारी भूमिका रही महत्वपूर्ण ///

इस भव्य आयोजन का संचालन संकुल समन्वयक श्री मोहन चन्द्रा (सलनी) के कुशल नेतृत्व एवं दूरदर्शी विचारधारा के अनुरूप किया गया। उनके मार्गदर्शन में कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई, जिससे आयोजन सुव्यवस्थित, अनुशासित एवं उद्देश्यपूर्ण ढंग से संपन्न हो सका।

संकुल स्रोत केंद्र सलनी अंतर्गत सभी विद्यालयों के शिक्षकगण एवं प्रधान पाठकों की सक्रिय एवं सराहनीय सहभागिता रही, जिनके सामूहिक प्रयास से यह कार्यक्रम सफल एवं प्रेरणादायी बना।

/// शिक्षा के साथ संस्कारों की मजबूत नींव ///

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में प्रतिभा की पहचान, आत्मविश्वास, सामाजिकता, अनुशासन और संस्कारों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने संकुल स्रोत केंद्र सलनी के शिक्षकों, समन्वयक एवं प्रबंधन समिति के प्रयासों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।

/// समापन एवं आभार ///

कार्यक्रम के अंत में संकुल प्रचारक/शैक्षिक समन्वयक द्वारा सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। आयोजन ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि सामूहिक प्रयास, सकारात्मक सोच और मजबूत नेतृत्व से शैक्षणिक वातावरण को और अधिक समृद्ध एवं प्रभावी बनाया जा सकता है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments