

बिलासपुर।आम आदमी पार्टी बिलासपुर जिला की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक बुधवार को आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष भानु चंद्रा, बिलासपुर लोकसभा प्रभारी दुर्गा झा तथा महिला विंग की प्रदेश सचिव स्वाति तिवारी की विशेष उपस्थिति रही। बैठक का आयोजन जिला अध्यक्ष खगेश चंद्राकर के नेतृत्व में किया गया, जिसमें जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ता शामिल हुए।
बैठक में लोकसभा अध्यक्ष ईश्वर चंदेल एवं लोकसभा संगठन मंत्री अनुभा शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान द्वितीय चरण में ब्लॉक स्तर पर प्रस्तावित “छत्तीसगढ़ बचाओ यात्रा” की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही प्रदेश में धान खरीदी के दौरान किसानों को आ रही समस्याओं और आम जनता से जुड़ी विभिन्न स्थानीय मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
प्रदेश स्तर से आए वरिष्ठ पदाधिकारियों की टीम ने जिला संगठन मंत्री प्रमोद पटेल, जिला महासचिव चंद्र साहू सहित उपस्थित सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आगामी राजनीतिक गतिविधियों एवं संगठनात्मक मजबूती को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों और रणनीतिक कार्ययोजना पर भी सहमति बनी।
बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि आम आदमी पार्टी आगामी दिनों में जनहित के मुद्दों को लेकर जमीनी स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाएगी और किसानों व आम जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाएगी।
यह जानकारी आम आदमी पार्टी बिलासपुर जिला के मीडिया प्रभारी इरफान सिद्दीकी द्वारा दी गई।

