








बिलासपुर में 5 फरवरी को छात्रों के लिए मेगा एजुकेशन ट्रेनिंग
बिलासपुर।विद्यार्थियों के सपनों को सही दिशा देने, पढ़ाई को सरल बनाने और परीक्षा के दबाव से मुक्त कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने हेतु मुस्लिम एजुकेशन वेलफेयर, बिलासपुर द्वारा आगामी 5 फरवरी को “छू लो आसमान” शीर्षक से एक भव्य मेगा शैक्षणिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
इस प्रेरणादायी कार्यक्रम के मुख्य वक्ता होंगे शेख़ ज़ाकिर हुसैन, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्यातिप्राप्त इंटरनेशनल ट्रेनर एवं मोटिवेशनल स्पीकर हैं। वे कक्षा 8वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को सीमित समय में प्रभावी परीक्षा तैयारी, विषयों को आसान तरीके से समझने, पढ़ाई के तनाव को कम करने और बेहतर परिणाम प्राप्त करने के व्यावहारिक व उपयोगी सूत्र बताएंगे।
पढ़ाई ही नहीं, जीवन कौशल पर भी फोकस-
“छू लो आसमान” कार्यक्रम केवल परीक्षा-केन्द्रित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन और मानसिक मजबूती विकसित करने पर विशेष जोर देता है। प्रशिक्षण सत्र के दौरान छात्रों को ऐसे प्रायोगिक टिप्स दिए जाएंगे, जो न केवल बोर्ड परीक्षाओं में बल्कि जीवन की हर चुनौती में उनके लिए मार्गदर्शक सिद्ध होंगे।
हर वर्ग के छात्रों के लिए लाभकारी पहल-
आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम सभी वर्गों के विद्यार्थियों के लिए खुला है और विशेष रूप से उन छात्रों के लिए अत्यंत उपयोगी होगा, जिन्हें सही मार्गदर्शन और सकारात्मक प्रेरणा की आवश्यकता है। यह पहल शिक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को सुदृढ़ करने और युवाओं को आत्मनिर्भर, जागरूक व सशक्त नागरिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
“छू लो आसमान” कार्यक्रम बिलासपुर के विद्यार्थियों के लिए न केवल एक प्रशिक्षण सत्र होगा, बल्कि यह उनके सपनों को नई उड़ान देने वाला प्रेरक मंच भी सिद्ध होगा।

