बतौली आबकारी उड़नदस्ता की बड़ी कार्रवाई, नशीले इंजेक्शन सप्लायर जीजा-साले गिरफ्तार
मूकनायक
बिलासपुर छत्तीसगढ़
बतौली संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम, सरगुजा द्वारा नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। झारखंड से नशीले इंजेक्शन की सप्लाई करने वाले एक सप्लायर को उसके जीजा के साथ गिरफ्तार किया गया है।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि दिनांक 30 जनवरी 2026 को सायंकालीन गश्त के दौरान आबकारी उड़नदस्ता टीम बतौली की ओर जा रही थी। इसी दौरान बेलकोटा बस स्टॉप के पास दो व्यक्तियों को दो बोरियों के साथ संदिग्ध अवस्था में देखा गया। टीम द्वारा वाहन रोककर पूछताछ किए जाने पर दोनों व्यक्ति घबरा गए।
पूछताछ में एक व्यक्ति ने अपना नाम अनूप गुप्ता, निवासी गोदरमाना, जिला गढ़वा (झारखंड) तथा दूसरे ने विनय गुप्ता, निवासी बतौली, जिला सरगुजा (छत्तीसगढ़) बताया। दोनों के पास मौजूद बोरियों की तलाशी लेने पर एक बोरी से 600 नग REXOGESIC इंजेक्शन तथा दूसरी बोरी से 600 नग AVIL इंजेक्शन बरामद किए गए।
इस प्रकार कुल 1200 नग नशीले इंजेक्शन, जिनका अनुमानित बाजार मूल्य लगभग ₹6,00,000/- है, जप्त किए गए।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 (सी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। आज दोनों आरोपियों को माननीय विशेष न्यायालय, अंबिकापुर में प्रस्तुत कर रिमांड पर जेल दाखिल कराया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी अनूप गुप्ता ने बताया कि वह झारखंड-छत्तीसगढ़ सीमा का लाभ उठाते हुए गोदरमाना बॉर्डर क्षेत्र में रहकर पूरे सरगुजा संभाग में नशीले इंजेक्शनों की सप्लाई करता था। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह गढ़वा से माल लाकर अपने जीजा विनय गुप्ता बतौली को देता था और बेलकोटा क्षेत्र में एक ग्राहक को यह माल सप्लाई करने जा रहा था।

