मूकनायक/राजेश कुमार/तहसील रिपोर्टर/बस्ती/उत्तर प्रदेश
बस्ती। गौहनिया, चौकवा में संत गुरु रविदास जयंती पर सांस्कृतिक, काव्य और भाषण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन विगत वर्षों की तरह इस वर्ष भी हुआ।
डॉ. भीमराव अंबेडकर सेवा समिति गौहनिया ने संत गुरु रविदास जी की जयंती समारोह का आयोजन किया। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ वक्ताओं ने गुरु रविदास जी के विचारों और उनके संघर्षों को जन-जन तक पहुंचाया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दीवानी कचहरी के बुद्धि प्रकाश एडवोकेट थे। विशिष्ट अतिथियों में शैलेंद्र अंबेडकर एडवोकेट, नायक चौधरी और इंजीनियर नेबुलाल शामिल रहे।
सांस्कृतिक कलाकारों ने जनसभा के माध्यम से बौद्ध विचारों को प्रस्तुत किया। मिशन गायक राम चेत आजाद और मिशन गायिका साधना सरगम ने अपने गीत-संगीत से जनता को बौद्ध धर्म से संबंधित शिक्षा दी और सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त प्राथमिक अध्यापक राम दुलारे मास्टर ने की। वह पिछले कई वर्षों से बौद्ध संस्करण एवं बौद्ध धर्म कार्यक्रमों का आयोजन करते रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन रामसेवक बौद्ध ने किया, जबकि मुख्य आयोजक प्रदीप कुमार एडवोकेट और सिकंदर एडवोकेट सहित अन्य साथी भी उपस्थित थे। इन सभी ने अपने भाषणों के माध्यम से जनता को जागरूक करने का संकल्प दोहराया।

