मूकनायक/इंद्रसेन गौतम, ब्लॉक रिपोर्टर/बस्ती, उत्तर प्रदेश
बस्ती। जनपद के सोनहा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुशहवा गांव में बृहस्पतिवार को एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। नशे में धुत और तेज रफ्तार बाइक सवार युवक ने साइकिल से जा रहे एक व्यक्ति और उसके बच्चों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता और बेटी समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक चालक नशे की हालत में लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था।
अचानक उसने साइकिल से जा रहे कुशहवा निवासी बुधराम (उम्र लगभग 45–50 वर्ष) और उनके दो बच्चों—पुत्र रुद्र और पुत्री अनुष्का—को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार ने साइकिल और बच्चों को करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गया।
ग्रामीणों का कहना है कि यह घटना घटनास्थल से लगभग 50 मीटर पहले शुरू हुई थी और बच्चे सड़क पर बुरी तरह घायल हो गए। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 108 और 112 पर सूचना दी।
सूचना मिलते ही गौर और सोनहा थाना पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की और एंबुलेंस 108 की सहायता से घायलों को अस्पताल भिजवाया। घायल बुधराम, उनके दोनों बच्चे रुद्र व अनुष्का तथा बाइक चालक विनय कुमार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मासूम रुद्र को मृत घोषित कर दिया।
अन्य घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय बस्ती रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि बुधराम के परिवार में केवल एक बेटा और एक बेटी ही थे, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस जांच में बाइक चालक की पहचान रामनगर गांव निवासी विनय कुमार पुत्र किसानु यादव के रूप में हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि विनय कुमार पहले भी अक्सर नशे में तेज रफ्तार से बाइक चलाता था, लेकिन प्रशासन द्वारा कभी सख्ती नहीं की गई।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्हें न्याय चाहिए और आरोपी को ऐसी सजा मिले जिससे भविष्य में कोई और परिवार इस तरह उजड़ने से बच सके।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपी की भूमिका की गहन जांच की जा रही है।

