मूकनायक/ दुर्गेंद्र सम्राट ब्यूरो प्रभारी बस्ती/ उत्तर प्रदेश
बस्ती। जनपद के रुधौली विधानसभा मे कार्यकर्ता सम्मान समारोह में उमड़ा जनसैलाब, रुधौली विधानसभा से चांदनी चौधरी की दावेदारी मजबूत
रुधौली विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यकर्ता सम्मान समारोह में भारी संख्या में लोगों की उपस्थिति ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया। इस अवसर पर 309 रुधौली विधानसभा से संभावित प्रत्याशी के रूप में अपनी दावेदारी पेश कर रहीं चांदनी चौधरी ने मंच से महिला सुरक्षा और महिलाओं के अधिकारों को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि वे हमेशा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के लिए तत्पर रहेंगी और इस दिशा में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
समारोह में मौजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए चांदनी चौधरी ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, लेकिन अब भी उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि उन्हें जनता का समर्थन और अवसर मिला तो वे रुधौली विधानसभा में महिलाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाएंगी और ठोस कदम उठाएंगी।
वहीं चांदनी चौधरी के पति मनोज चौधरी ने मीडिया कर्मियों से बातचीत में कहा कि वे केवल चुनाव लड़ने या राजनीति करने के उद्देश्य से मैदान में नहीं आए हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अगर उन्हें मौका मिला तो वे इस विधानसभा की जनता को कभी ऐसा अवसर नहीं देंगे कि कोई उनकी नीयत या कामकाज पर उंगली उठा सके। उन्होंने कहा, “हमारी कोशिश होगी कि जनता को कभी यह न कहना पड़े कि सरकार हमारी नहीं है। हम जनता की सरकार बनकर काम करेंगे।”
मनोज चौधरी ने क्षेत्रीय राजनीति पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि बीते 14 वर्षों से बाहर के लोग आकर यहां राजनीति कर रहे हैं, जबकि अब जनता ने ठान लिया है कि इस बार रुधौली विधानसभा से स्थानीय निवासी को ही मौका दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को वही व्यक्ति सही ढंग से समझ सकता है, जो यहां का रहने वाला हो और जिसने जनता के बीच रहकर उनकी परेशानियों को देखा हो।
जब मीडिया ने उनसे पूछा कि वे किस पार्टी से चुनाव लड़ेंगे, तो उन्होंने इस सवाल का सीधा जवाब देने से फिलहाल इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में वे इस बारे में सभी को जानकारी देंगे और उचित समय पर अपने फैसले से अवगत कराएंगे।
इसके साथ ही मनोज चौधरी ने विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में कई लोग सिर्फ अपना पेट भरने और अपना व्यापार बढ़ाने में लगे हुए हैं। जब जनता के हितों की बात आती है तो वही लोग यह कहकर पल्ला झाड़ लेते हैं कि सरकार उनकी नहीं है, लेकिन निजी फायदे लेने में कभी पीछे नहीं रहते।
कार्यकर्ता सम्मान समारोह में उमड़ी भीड़ और नेताओं के बयानों से साफ है कि रुधौली विधानसभा में आने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। स्थानीय जनता और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला, जिससे यह संकेत मिल रहा है कि आगामी दिनों में यहां की राजनीति और भी दिलचस्प मोड़ लेने वाली

