

सुरु फाउंडेशन ने प्रतीक चिन्ह व उपहार देकर किया सम्मान, पौधारोपण से कार्यक्रम की शुरुआत
भिलाई नगर।हरा-भरा और स्वच्छ पर्यावरण के उद्देश्य को लेकर निरंतर सक्रिय स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ टीम को उनके 152वें सप्ताह के स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण जागरूकता अभियान के लिए पार्वती कमला सामाजिक शिक्षण संस्था (सुरु फाउंडेशन) द्वारा सम्मानित किया गया। यह अभियान परम पूज्य गुरुदेव बिरेंद्र देशमुख एवं संस्थापक प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल के मार्गदर्शन में लगातार संचालित किया जा रहा है।
सम्मान समारोह में सुरु फाउंडेशन की ओर से स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति के सदस्यों को प्रतीक चिन्ह एवं उपहार प्रदान किए गए। यह सम्मान कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मनीष पांडे द्वारा प्रदान किया गया।
पौधारोपण से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत फलदार केले के पौधारोपण से की गई। इस अवसर पर मनीष पांडे, सोनाली माधवन (अध्यक्षा, सुरु फाउंडेशन), नीता जैन (अध्यक्षा, अधिवक्ता संघ, दुर्ग न्यायालय) तथा स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ टीम ने संयुक्त रूप से पौधारोपण किया।
पौधारोपण हेतु केले का पौधा स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ के संस्थापक प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल द्वारा उपलब्ध कराया गया।
केले के पौधे के महत्व पर रखा पक्ष
केले के पौधारोपण को लेकर उठी जिज्ञासाओं पर नवनीत कुमार हरदेल ने कहा कि— “केले का पौधा अपने आसपास स्वतः नए पौधे विकसित करता है। एक बार रोपण करने पर लंबे समय तक पौधारोपण की आवश्यकता नहीं पड़ती। यह अधिक ऊंचा नहीं होता और फल चोरी जैसी आशंकाएं भी कम रहती हैं। फल देने के बाद इसे काटना आवश्यक होता है, जिस पर कोई आपत्ति भी नहीं होती। इसलिए केले का पौधारोपण हर दृष्टि से उपयोगी है।”
उन्होंने बताया कि स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति द्वारा विभिन्न स्थानों पर नियमित रूप से केले सहित अन्य पौधों का रोपण किया जाता रहा है।
गणतंत्र दिवस पूर्व स्वच्छता अभियान
इसी क्रम में गणतंत्र दिवस के पूर्व शिव दुर्गा मंदिर, सेक्टर-10, ए-मार्केट, भिलाई नगर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान सूखे पत्ते, गुटखा पाउच, दोना, रैपर, कागज एवं प्लास्टिक झिल्ली एकत्र कर निर्धारित स्थान पर डंप किया गया। साथ ही पूर्व में लगाए गए पौधों की देखभाल कर उन्हें पानी से सींचा गया।
बैनर और पोस्टरों के माध्यम से आम नागरिकों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक भी किया गया।
ये रहे प्रमुख सहभागी
इस कार्यक्रम में स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्या थनेश्वरी हरदेल, तरुणा देशमुख, सरोज टहनगुरिया, श्वेता जैन, निकिता शिंगणे, टीनल हरदेल, कार्तिक राम चंद्राकर, चितरंजन दुर्गा देशमुख, विजय कुमार सिंह, गोल्डी सोनी, अनीता वर्मा, भागीरथी सिन्हा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

