मूकनायक/ दुर्गेंद्र सम्राट ब्यूरो प्रभारी बस्ती/ उत्तर प्रदेश
सिद्धार्थनगर। जनपद के डुमरियागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम माली मेनहा में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से 16 वर्षीय किशोर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से गांव में शोक के साथ-साथ भारी आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम माली मेनहा निवासी शेषराम का पुत्र शुभम राव (उम्र लगभग 16 वर्ष) 22 जनवरी 2026 को सुबह करीब 10 बजे अपने दोस्तों के साथ खेलने के लिए नदी के पास स्थित बगीचे की ओर जा रहा था। उसी दौरान सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को चालक अत्यधिक तेज गति और पूरी तरह लापरवाही से चला रहा था अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने शुभम को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि किशोर ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आक्रोश व्यक्त करने लगे।
घटना की जानकारी मिलते ही डुमरियागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के पिता शेषराम द्वारा दी गई लिखित तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल से ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर थाने में खड़ा करा दिया है।
इस संबंध में जब थाना प्रभारी डुमरियागंज से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि घटना में एफआईआर दर्ज कर ली गई है तथा ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर थाने में सुरक्षित खड़ा कराया गया है। थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि फिलहाल ग्रामीण शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेज रहे हैं।
ग्रामीणों और परिजनों का साफ कहना है कि जब तक घटना को अंजाम देने वाले ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी नहीं की जाती, तब तक शव का पोस्टमार्टम नहीं होने दिया जाएगा। इस मांग को लेकर गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद हैं और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पुलिस प्रशासन द्वारा ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है, वहीं आरोपी चालक की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क पर बेलगाम रफ्तार से चलने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली चालकों के खिलाफ सख्त कदम उठाने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।

