एससी-एसटी एसोसिएशन एवं बीएसपी प्रबंधन के बीच त्रैमासिक बैठक सम्पन्न
मूकनायक
भिलाई छत्तीसगढ़
भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) एससी-एसटी एम्पलाइज एसोसिएशन एवं बीएसपी प्रबंधन के बीच दिनांक त्रैमासिक बैठक सम्पन्न हुई। बैठक एसोसिएशन अध्यक्ष कोमल प्रसाद के नेतृत्व में तथा लायजन अधिकारी रोहित हरित, सहायक महाप्रबंधक (मानव संसाधन-आयरन) की उपस्थिति में आयोजित की गई।
बैठक में अध्यक्ष कोमल प्रसाद ने प्रबंधन को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि संयंत्र के अंदर एवं बाहर कराए जाने वाले ठेका कार्यों की निविदाओं में अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग को 22.5 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया जाए, जिससे इस वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने अंतर संयंत्र स्थानांतरण (इंटर प्लांट ट्रांसफर) हेतु गठित केन्द्रीय स्थानांतरण समिति (CTC) की बैठकें नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की। समय पर बैठकें न होने से स्थानांतरण से संबंधित फाइलें लंबित रहती हैं, जिससे कर्मचारियों को विशेषकर वृद्ध माता-पिता की स्वास्थ्य समस्याओं के कारण मानसिक तनाव का सामना करना पड़ता है।
अध्यक्ष ने बताया कि सेक्टर-5 भिलाई टाउनशिप में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर पुस्तकालय एवं संग्रहालय के निर्माण हेतु 26 नवंबर 2025 को भूमि पूजन किया गया था। उन्होंने निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने तथा आगामी 14 अप्रैल 2026 (डॉ. अंबेडकर जयंती) के अवसर पर एसोसिएशन की वार्षिक पत्रिका “नया सवेरा-2026” के समय पर प्रकाशन की मांग की।
इसके साथ ही सेल फेडरेशन भवन (सड़क-8, सेक्टर-4) को मान्यता प्राप्त फेडरेशन के उपाध्यक्ष को सौंपने, सेक्टर-6 स्थित डॉ. अंबेडकर प्रेरणा स्थल पर प्रतिमा को उचित स्थान पर स्थापित कर सौंदर्यीकरण करने एवं सुरक्षा हेतु सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग रखी गई।
एसोसिएशन के महासचिव विजय कुमार रात्रे ने सेल में जारी होने वाले सभी भर्ती विज्ञापनों की प्रतियां एसोसिएशन को उपलब्ध कराने, सदस्यता शुल्क वेतन से काटने की व्यवस्था करने, सेक्टर-9 अस्पताल को निजी हाथों में न सौंपकर अपग्रेड करने तथा चिकित्सकों, नर्सों व अन्य स्टाफ की भर्ती सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही एससी-एसटी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तकनीकी प्रशिक्षण हेतु देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में भेजने का आग्रह किया गया।
कोषाध्यक्ष अनिल खेलवार ने शेष पदाधिकारियों को बीएसपी सिम प्रदान करने का मुद्दा उठाया। वहीं एसोसिएशन कार्यालय के सुचारू संचालन हेतु कंप्यूटर, प्रिंटर, स्कैनर, प्रोजेक्टर एवं इंटरनेट कनेक्शन उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।
इस अवसर पर संपर्क अधिकारी रोहित हरित ने आश्वासन दिया कि एसोसिएशन द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों पर प्रबंधन कार्य कर रहा है तथा शेष विषयों को उच्च प्रबंधन के संज्ञान में लाकर शीघ्र समाधान का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में एसोसिएशन के उपाध्यक्ष कमार भारद्वाज, वेद प्रकाश सूर्यवंशी, शशांक प्रसाद, संगठन सचिव परमेश्वर करें, जोनल सचिव संतज्ञानेश्वर गायकवाड़, कालीदास बघेल, सहित संजय कुमार, उत्तम मड़ावी, यशवंत नेताम, कुजलाल ठाकुर, धरमपालराम, जितेन्द्र कुमार भारती सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।


