बिजली के स्मार्ट मीटर जबरन लगाने के खिलाफ भाकपा का राज्य व्यापी प्रदर्शन 23 जनवरी को __
मूकनायक
भोपाल । मध्य प्रदेश में बिजली के स्मार्ट मीटर जबरन लगाने, बिजली की दरों में वृद्धि और एकरूपता नहीं होने के खिलाफ और मध्य प्रदेश विद्युत मण्डल पुनः शुरू करने की मांग को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी द्वारा आगामी 23 जनवरी 2026 को राज्य व्यापी प्रदर्शन किया जाएगा ।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के मध्य प्रदेश राज्य सचिव कॉमरेड शैलेन्द्र शैली ने यहां जारी एक विज्ञप्ति में बताया कि ” मध्य प्रदेश में विद्युत सेवाओं के निजीकरण के दुष्परिणामों से जनता त्रस्त है।जनता पर बिजली के स्मार्ट मीटर जबरन लगाने के लिए दबाव डाला जा रहा है।बिजली की दरों में एकरूपता नहीं है। यह सब मध्य प्रदेश विद्युत मण्डल बन्द करने का ही दुष्परिणाम है।मध्य प्रदेश में जनता के हितों की रक्षा के लिए विद्युत सेवाओं में किसी भी तरह का निजीकरण समाप्त कर मध्य प्रदेश विद्युत मण्डल पुनः शुरू करना चाहिए।भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी द्वारा इन मांगों को लेकर आगामी 23 जनवरी को मध्य प्रदेश के जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन किया जाएगा।प्रदर्शन के अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्य मंत्री के लिए ज्ञापन स्थानीय जिला कलेक्टर को सौंपा जाएगा। “


