Thursday, February 26, 2026
HomeUncategorizedराज्य के 8 युवाओं और एक संगठन को मिला छत्तीसगढ़ युवा रत्न...

राज्य के 8 युवाओं और एक संगठन को मिला छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान

युवा रत्न सम्मान समारोह में धमतरी के युवा स्टार सेवा समिति खरतुली और आरू साहू सम्मानित

दृढ़ इच्छाशक्ति, परिश्रम और समर्पण से लक्ष्य प्राप्त करें युवा : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

कलेक्टर मिश्रा ने दी बधाई एवं शुभकामनाएं

धमतरी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले राज्य के आठ युवाओं सहित धमतरी जिले के युवा स्टार सेवा समिति खरतुली और आरू साहू को लोककला में उत्कृष्ट कार्यों के लिए युवा रत्न सम्मान प्रदान किया।
12 जनवरी (सोमवार) को राष्ट्रीय युवा दिवस पर यह सम्मान दिया गया।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा रायपुर के नवीन विश्राम भवन में आयोजित युवा रत्न सम्मान समारोह में स्वास्थ्य, पर्यावरण, स्वच्छता, साक्षरता, महिला उत्थान, सामाजिक जागरूकता, नशामुक्ति, मतदाता जागरूकता, जल स्रोतों के संरक्षण जैसे अनेक क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्यों के लिए धमतरी जिले के खुरतुली के युवा स्टार सेवा समिति को छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान प्रदान किया गया। समिति को 5 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया।

आरू साहू को लोककला में उत्कृष्ट कार्यों के लिए युवा रत्न सम्मान दिया गया। उन्हें एक लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। आरू साहू छत्तीसगढ़ की एक उभरती हुई और लोकप्रिय लोक गायिका हैं, जो अपने छत्तीसगढ़ी गानों के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने यूट्यूब व फेसबुक पर लाखों लोगों के दिलों में अपनी पहचान बनाई है, विशेष रूप से छठ पूजा गीतों और अन्य लोक धुनों के माध्यम से। वे अपनी कला के माध्यम से राज्य की संस्कृति को बढ़ावा दे रही हैं।

मुख्यमंत्री साय ने 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की 163वीं जयंती पर रायपुर में उनके बिताए समय का स्मरण करते हुए समारोह में कहा कि स्वामी विवेकानंद ने मात्र 31 वर्ष की आयु में दुनिया में भारत की सांस्कृतिक समृद्धि और सभ्यता का मान और सम्मान बढ़ाया। उन्होंने खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा राज्य की उत्कृष्ट युवा प्रतिभाओं को सम्मानित करने की पहल की सराहना करते हुए कहा कि भारत युवाओं का देश है। हमारी युवा प्रतिभाओं को पोषित, पल्लवित और आगे बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से स्वामी विवेकानंद के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान करते हुए दृढ़ इच्छाशक्ति, परिश्रम, समर्पण और संकल्प के साथ अपने लक्ष्यों की ओर बढ़ने का संदेश दिया।

उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने अपने संबोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भारत की सांस्कृतिक शक्ति का परचम पूरी दुनिया में फहराया था। आज करोड़ों युवा उनसे प्रेरणा लेकर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा रत्न सम्मान के लिए प्राप्त आवेदनों से स्पष्ट है कि छत्तीसगढ़ में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। सरकार इन प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने पहली बार व्यक्तिगत क्षमता में सुधार और समाज सेवा में किए गए उत्कृष्ट कार्यों को मान्यता देते हुए “युवा रत्न सम्मान” की शुरुआत की है। 15 से 29 वर्ष की आयु के युवाओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों और उपलब्धियों के लिए पुरस्कृत किया गया है।

राज्य के इन युवाओं को मिला युवा रत्न सम्मान

राष्ट्रीय युवा दिवस पर आयोजित समारोह में बेमेतरा के एस्ट्रोफिजिक्स के सबसे कम उम्र के वैज्ञानिक एवं पीएचडी छात्र तथा NASO ओलंपियाड में स्वर्ण पदक विजेता पीयूष जायसवाल को छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान प्रदान किया गया। सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए कांकेर की शिल्पा साहू, साहित्य के क्षेत्र में सरगुजा के अमित यादव, नवाचार के लिए महासमुंद की मृणाल विदानी तथा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए दुर्ग की परिधि शर्मा को सम्मानित किया गया।

अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी बिलासपुर की संजू देवी को खेल, कवर्धा के सचिन कुनहरे को कला एवं संस्कृति तथा आरू साहू को लोककला के क्षेत्र में युवा रत्न सम्मान प्रदान किया गया। वहीं, स्वास्थ्य, पर्यावरण, स्वच्छता, साक्षरता, महिला उत्थान, सामाजिक जागरूकता, नशामुक्ति, मतदाता जागरूकता और जल संरक्षण जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्यों के लिए धमतरी जिले के खुरतुली के युवा स्टार सेवा समिति को भी छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान से नवाजा गया।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सभी सम्मानित युवाओं, खुरतुली के युवा स्टार सेवा समिति और आरू साहू को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments