

मूकनायक/ बिलासपुर
बिलासपुर।समाज कल्याण विभाग एवं जिला पुनर्वास केंद्र बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र के माध्यम से दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसायकल एवं सहायक उपकरणों का वितरण कार्यक्रम शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ विद्यालय, तिफरा में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद बिलासपुर एवं केंद्रीय शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू रहे। अध्यक्षता विधायक बिल्हा धरमलाल कौशिक ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी एवं महापौर पूजा विधानी उपस्थित रहीं।
संयुक्त संचालक समाज कल्याण टी.पी. भावे ने स्वागत उद्बोधन में जानकारी दी कि पूर्व चिन्हांकन के आधार पर 56 दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसायकल सहित अन्य आवश्यक सहायक उपकरण वितरित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि आगे भी आवश्यकता के अनुसार दिव्यांगजनों को लाभान्वित किया जाएगा।
मुख्य अतिथि तोखन साहू ने दिव्यांगजनों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र के माध्यम से दी जा रही यह सुविधा उनके रोजगार, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में सहायक सिद्ध होगी।
कार्यक्रम अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि इस पहल से दिव्यांगजन शिक्षा, प्रशिक्षण और आजीविका के नए अवसर प्राप्त कर सकेंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत दृष्टिबाधित विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत से की गई। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में दिव्यांगजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रशांत मोकासे ने किया। वितरण कार्यक्रम में विभागीय अमले का सहयोग सराहनीय रहा।

