मूकनायक/ दुर्गेंद्र सम्राट ब्यूरो प्रभारी बस्ती/ उत्तर प्रदेश
बस्ती। ग्राम व पोस्ट चौकवा स्थित डॉ. अंबेडकर पार्क में कल भारत रत्न, संविधान निर्माता और महान समाज सुधारक बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासियों की सहभागिता देखने को मिली। कार्यक्रम पूरे श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ।
अनावरण समारोह में प्रमुख रूप से श्रद्धेय पी. के. गौतम, जिला अध्यक्ष बस्ती पंचशील सेवा समिति उत्तर प्रदेश उपस्थित रहे। उनके साथ राम बहोर, जिला कोषाध्यक्ष बस्ती, श्रद्धेय राम सेवक बौद्ध समाजसेवी, श्रद्धेय नायब पटेल समाजसेवी तथा श्रद्धेय राम दुलारे गुरु जी मंच पर मौजूद रहे अतिथियों का स्वागत आयोजकों द्वारा पुष्पमालाओं एवं अंगवस्त्र भेंट कर किया गया।
प्रतिमा अनावरण के पश्चात सभी अतिथियों ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। वक्ताओं ने अपने संबोधन में डॉ. अंबेडकर के संघर्षपूर्ण जीवन, शिक्षा के प्रति उनके योगदान और सामाजिक न्याय की भावना पर विस्तार से प्रकाश डाला श्रद्धेय पी. के. गौतम ने कहा कि बाबा साहेब ने समाज के अंतिम व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया। उन्होंने संविधान के माध्यम से सभी नागरिकों को समान अधिकार प्रदान किए जो आज भी देश की एकता और अखंडता की मजबूत नींव हैं।
कार्यक्रम में समाजसेवी विक्रम अंबेडकर ने कहा कि बाबा साहेब के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और युवाओं को उनके बताए मार्ग पर चलकर शिक्षा, संगठन और संघर्ष को अपनाना चाहिए। एडवोकेट प्रदीप कुमार ने संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर द्वारा रचित संविधान हर नागरिक को न्याय और स्वतंत्रता की गारंटी देता है।
कार्यक्रम में ग्राम चौकवा के सैकड़ों ग्रामीण, युवा, महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे। बाबा साहेब के समर्थन में लगाए गए नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला और सभी ने सामाजिक समानता, भाईचारे और शिक्षा को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
आयोजन समिति ने बताया कि डॉ. अंबेडकर पार्क में स्थापित यह प्रतिमा गांव के लिए गौरव का विषय है और यह आने वाली पीढ़ियों को बाबा साहेब के आदर्शों की प्रेरणा देती रहेगी। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा सफल आयोजन के लिए ग्रामवासियों की सराहना की गई।
समारोह का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण मे हुआ। यह आयोजन न केवल श्रद्धांजलि का अवसर था बल्कि समाज में एकता, समानता और संविधान के मूल्यों को सुदृढ़ करने का संदेश भी देकर गया।

