जिला ब्यूरो चीफ अश्विनी साहिल | जिला चंबा के डलहौजी क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों (नशा) के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। बीती शाम करीब 7 बजे पुलिस थाना डलहौजी की टीम ने नाकाबंदी के दौरान 1 किलो 564 ग्राम चरस (कैनाबिस) बरामद की। यह कार्रवाई मैगी प्वाइंट, लाहड़ के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-154ए पर की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नए साल को देखते हुए संभावित अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से स्थानीय पुलिस द्वारा थाना प्रभारी जगबीर सिंह की अगुवाई में एनएच-154ए पर नाकाबंदी की गई थी। इस दौरान मार्ग से गुजरने वाले वाहनों की शक के आधार पर गहन जांच की जा रही थी। इसी बीच टैक्सी कार नंबर HP-01C-2803 को जांच के लिए रोका गया। वाहन में सवार तीन युवक पुलिस को देखकर घबरा गए और पूछताछ के दौरान पुलिस को बातों में उलझाने का प्रयास करने लगे। पुलिस को उनके व्यवहार पर संदेह हुआ, जिसके बाद मुस्तैदी दिखाते हुए तीनों युवकों तथा वाहन की तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान उनके कब्जे से भारी मात्रा में चरस बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर ही तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अनुज कुमार (39 वर्ष), निवासी गांव धरवास, डाकघर घनेड़, तहसील चुराह; रफीक मोहम्मद (34 वर्ष), निवासी गांव कुलुंडा, डाकघर घनेड़, तहसील चुराह; तथा जगदीश शर्मा (36 वर्ष), निवासी गांव सरेला, डाकघर थल्ली, तहसील चुराह, जिला चंबा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत पुलिस थाना डलहौजी में मामला दर्ज कर लिया है तथा आगे की जांच जारी है। इस मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने की। उन्होंने बताया कि पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चरस कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला चंबा में नशे के कारोबार पर नकेल कसने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और भविष्य में भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने यह भी बताया कि तीनों आरोपियों को आज माननीय अदालत में पेश किया जाएगा। इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आम जनता ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।

