

बालको नगर।बालको वेदांता कंपनी में स्थानीय बेरोजगारों, भूविस्थापितों एवं पूर्व कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन ने गंभीर रुख अपनाया है। जिला कलेक्टर कार्यालय ने मामले में संज्ञान लेते हुए बालको वेदांता के सीईओ को समस्याओं के निराकरण हेतु 15 दिसंबर 2025 को जांच प्रतिवेदन के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।
मूलनिवासी मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय कार्यालय बालको नगर में 12 दिसंबर 2025 को संविधान सुरक्षा अभियान के अंतर्गत एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में 26 नवंबर 2025 को आयोजित संविधान दिवस तथा 6 दिसंबर 2025 को विश्व रत्न बाबा साहब डॉ अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस कार्यक्रम की समीक्षा की गई। साथ ही बालको वेदांता प्रबंधन द्वारा स्थानीय बेरोजगारों, भूविस्थापितों एवं पूर्व कर्मचारियों के परिवारों पर उत्पन्न किए जा रहे संकटों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक के उपरांत एक दिवसीय चेतावनी धरना प्रदर्शन के साथ 5 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन श्रम एवं उद्योग मंत्री लखन देवांगन तथा जिला कलेक्टर को सौंपा गया था। मंत्री द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जिला कलेक्टर को पत्र लिखे जाने के बाद कलेक्टर कार्यालय ने बालको वेदांता प्रबंधन से जवाब तलब किया है।
मोर्चा ने पूर्व में ही स्पष्ट किया था कि मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में 26 दिसंबर 2025 को बालको गेट के समक्ष अनवरत धरना प्रदर्शन एवं घेराव किया जाएगा। प्रशासन द्वारा लिए गए संज्ञान का मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल ऋषिकर भारती एवं सभी पदाधिकारियों ने स्वागत करते हुए फिलहाल शांति व्यवस्था बनाए रखने का निर्णय लिया है।
मोर्चा की 5 सूत्रीय मांगों में स्थानीय एवं भूविस्थापित बेरोजगारों को संवैधानिक आरक्षण के तहत स्थायी रोजगार, वेदांता प्रबंधन द्वारा श्रम एवं सूचना के अधिकारों के उल्लंघन पर रोक, पूर्व कर्मचारियों को बकाया भुगतान किए बिना उनके काबिज आवासों से हटाने की कार्रवाई बंद करने, कर्मचारियों को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति न देकर बर्खास्त किए जाने के मामलों की जांच तथा पांचवीं अनुसूची क्षेत्र होने के बावजूद ग्राम सभाओं की सहमति के बिना आदिवासी भूमि के दुरुपयोग पर रोक जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं।
बैठक की अध्यक्षता मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल ऋषिकर भारती ने की। कार्यक्रम का संचालन केंद्रीय सचिव सुनील सुना ने किया तथा संयोजन जिला संयोजक क्रांति कुमार साव ने किया।
बैठक में प्रमुख रूप से वरिष्ठ प्रदेश सचिव स्मृति जॉन, नवनियुक्त प्रदेश सचिव अन्नू कुर्रे, जिला उपाध्यक्ष प्यारेदास महंत, बालको महिला अध्यक्ष गायत्री साहू, महिला महासचिव शीतला साहू, सचिव महेश्वरी राय, कोषाध्यक्ष सरोज साहू, परसा भांठा महिला अध्यक्ष रीमा नवरंगे, जिला सचिव बलजीत कौर सहित अनीता चौधरी, गीता बरेठ, शांति गुप्ता, चंद्रिका, छोटी मरावी, जोहनसिंह कंवर, ममता दास, उमेदा साव, कृष्णा बाई, फुल बाई, चंदा बाई, त्रिवेणी साहू, रुक्मणि सहीस, ज्योति महंत, ललिता, संगीता, अनीता, ऊषा गौतम, आशा डोंगरे, गौरी बाई सहित बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

