मूकनायक/ दुर्गेंद्र सम्राट ब्यूरो प्रभारी बस्ती/ उत्तर प्रदेश
बस्ती। जिले में कल सुबह घना कोहरा एक बार फिर हादसे का सबब बन गया कलवारी–बस्ती मुख्य मार्ग पर बेईली गांव के निकट दृश्यता कम होने के कारण पिकअप और ट्रक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई इस दुर्घटना में पिकअप चालक मनीष कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई हादसे ने पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल पैदा कर दिया है।
घटना सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है जब सड़क पर घना कोहरा छाया हुआ था कलवारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत बेईली गांव के पास पिकअप (UP 51 AT 7034) और ट्रक (UP 50 CT 0191) आमने-सामने भिड़ गए प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कोहरे के कारण सड़क पर बेहद कम दृश्यता थी जिससे दोनों वाहन चालकों को एक-दूसरे की दिशा का अंदाजा नहीं लग सका परिणामस्वरूप दोनों वाहनों में इतनी तेज टक्कर हुई कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षत-विक्षत हो गया।
दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल पिकअप चालक की पहचान मनीष कुमार पुत्र रामकरन निवासी बारीजोत, थाना नगर बाजार के रूप में की गई हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त पिकअप में फंसे मनीष को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता से घायल को तुरंत कलवारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने मनीष को बचाने की पूरी कोशिश की लेकिन उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई कुछ घंटे संघर्ष करने के बाद मनीष ने दम तोड़ दिया बताया गया कि मनीष के पिता रामकरन की भी कई वर्ष पहले एक सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी थी पिता की मौत के बाद परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी का बड़ा हिस्सा मनीष के कंधों पर ही था मनीष की आकस्मिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है परिवार के लोग बिलख-बिलख कर रो रहे हैं।
हादसे की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात बहाल कराया पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि कोहरे के मौसम में सड़क पर पर्याप्त सुरक्षा और गति नियंत्रण के लिए कड़े निर्देश जारी किए जाएं ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि सर्दी के मौसम में कोहरा सड़क यात्रियों के लिए कितना खतरनाक साबित हो सकता है विशेषज्ञों का कहना है कि घने कोहरे में वाहन चालकों को अत्यधिक सतर्क रहना चाहिए गति नियंत्रित रखनी चाहिए और लो बीम हेडलाइट का उपयोग करना चाहिए लेकिन कई बार वाहन चालकों की लापरवाही और मौसम की मार मिलकर इस तरह के भयावह हादसों को जन्म देती है।
मनीष की मौत ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और जागरूकता की आवश्यकता पर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है स्थानीय लोग और परिजन प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सहायता प्रदान करने की मांग कर रहे हैं।

