मूकनायक/ दुर्गेंद्र सम्राट ब्यूरो प्रभारी बस्ती/ उत्तर प्रदेश
बस्ती। जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्सना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु एवं व्यापार बंधु समिति की बैठक संपन्न हुई बैठक में जिलाधिकारी ने उद्यमियों एवं व्यापारियों की समस्याओं को विस्तारपूर्वक सुना और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए
जिलाधिकारी ने कहा कि उद्यमियों की समस्याओं का निराकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है इसलिए किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी उन्होंने बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र उद्यमियों के ऋण संबंधी प्रकरणों में अनावश्यक देरी न की जाए ताकि उन्हें समय से वित्तीय सहायता मिल सके और उद्योग विकास को बढ़ावा मिले।
उन्होंने निवेश मित्र पोर्टल पर विभागवार समीक्षा करते हुए कहा कि प्राप्त सभी आवेदनों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जिले में औद्योगिक माहौल को सुदृढ़ करने के लिए पारदर्शिता, त्वरित कार्यवाही और समन्वय आवश्यक है।
बैठक में व्यापार बंधु समिति के सदस्यों ने जिले से संबंधित विभिन्न जनसमस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष रखा इनमें अस्पताल चौराहे पर लगने वाले जाम, बड़ेवन सर्विस रोड पर नाली की समस्या, महराजगंज सर्विस रोड पर नाले की दिक्कत, छुट्टा पशुओं के कारण यातायात बाधित होने की समस्या तथा हडिया चौराहे पर सर्विस लेन की जर्जर स्थिति जैसी शिकायतें प्रमुख रहीं जिलाधिकारी ने इन सभी बिंदुओं पर संबंधित विभागों को शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए और कहा कि जनसुविधा से जुड़ी कोई भी समस्या लंबित नहीं रहनी चाहिए।
उन्होंने नगरपालिका, लोक निर्माण विभाग तथा पशुपालन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क, नाली व छुट्टा पशुओं की समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए जिलाधिकारी ने कहा कि व्यापारियों और उद्यमियों के सहयोग से ही जिले का आर्थिक और औद्योगिक विकास संभव है।
बैठक का संचालन उपायुक्त राज्य कर उपेंद्र यादव ने किया बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव निगम, उपायुक्त उद्योग हरेन्द्र प्रताप, ईओ नगरपालिका अंगद गुप्ता, जिला सेवायोजन अधिकारी अवधेन्द्र प्रताप वर्मा, लीड बैंक मैनेजर आर.एन. मौर्या, चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अशोक सिंह, इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल सिंह रैकवार, चेंबर ऑफ कॉमर्स के महासचिव एस.सी. शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि उद्योग एवं व्यापार क्षेत्र के विकास के लिए प्रशासन हर संभव सहयोग प्रदान करेगा ताकि जिले में निवेश का अनुकूल वातावरण बने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें उन्होंने सभी विभागों से अपेक्षा की कि वे समन्वय एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाएँ।

