

मूकनायक/ अजय अनंत
छत्तीसगढ़
ग्राम पचरी में हाल ही में हुई हिंसक घटना और उसके पश्चात थाना प्रभारी अकलतरा की असंवेदनशीलता पर ग्रामवासी गहरा आक्रोश व्यक्त करते हैं। दिनांक 05.11.2025 को शाम लगभग 7:00 बजे ग्रामवासी बृजमोहन केशकर पर अज्ञात हमलावरों ने स्टील रॉड और हॉकी डंडे से जानलेवा हमला किया, जिससे पूरे गांव में भय और आतंक का माहौल व्याप्त है।
ग्रामवासियों ने हमलावरों को किरन भारद्वाज (पूर्व सरपंच)के घर कई बार आते-जाते देखा है और घटना के समय हमलावरों ने ग्रामीणों को धमकी दी कि जो भी बचाने आएगा, या गवाही देगा ,उसे बंदूक से गोली मार दी जाएगी। इस भयावह घटना की जानकारी दिए जाने पर भी थाना प्रभारी द्वारा ग्रामीणों के आवेदन को फेंक दिया गया और उन्हें यह कहकर अपमानित किया गया कि “यहां राजनीति मत करो, जहां शिकायत करना है करो, अपने सरपंच को लाओ”।
यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि थाना प्रभारी जैसी जिम्मेदार पद पर आसीन अधिकारी नागरिकों की शिकायतों को अपमानजनक ढंग से नकार रहे हैं। जबकि दिनांक 07.11.2025 को सरपंच श्रवण कुमार पाटले एवं पंचगण स्वयं पचरी गांव में आयोजित बैठक में उपस्थित थे और शिकायत दर्ज कराने की अनुशंसा कर चुके थे। इसके बाद भी थाना में ग्रामीणों के शिकायत पत्र को फेंकना प्रशासनिक लापरवाही एवं अपराधियों को संरक्षण देने जैसा प्रतीत होता है।
ग्रामवासी स्पष्ट रूप से कहना चाहते हैं कि यदि प्रशासन इस मामले में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं करता, तो यह जनआक्रोश का कारण बनेगा। ऐसा लगता है कि कुछ जनप्रतिनिधि और प्रभावशाली लोग अपराधियों के साथ मिलकर कानून-व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं।
हम जिला प्रशासन, पुलिस अधीक्षक और शासन से मांग करते हैं कि—
- इस मामले में थाना प्रभारी के आचरण की जांच की जाए।
- पचरी में बाहर से आए असामाजिक तत्वों पर पाबंदी लगाई जाए एवं पुलिस थाना से प्रतिदिन पेट्रोलिंग गाड़ी प्रतिदिन भेजा जाए।
- थाना अकलतरा के अधिकारियों को नागरिकों के प्रति जिम्मेदार व्यवहार के लिए निर्देशित किया जाए।
यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं होती है, तो ग्रामवासी प्रशासनिक कार्यालय के समक्ष सामूहिक धरना देने को बाध्य होंगे।
हम समस्त जनसंगठनों से अपील करते हैं कि जो भी संगठन इस मुद्दे में संग साथ देंगे वे हमें संपर्क करें।
ग्रामवासियों की ओर से
वीरेंद्र भारद्वाज
मो.8717834059

