मूकनायक/बी पी बौद्ध
दबोह/मध्य प्रदेश
28 अक्टूबर को दबोह पुलिस ने अली जाटव हत्याकांड के दो आरोपियों को 48 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह जानकारी पुलिस ने प्रेस नोट जारी कर दी है।
घटना 25 अक्टूबर की शाम की है। थाना दबोह क्षेत्र के ग्राम रिनिया के पास नहर की पट्टी पर पाँच लोगों ने रायपुरा निवासी रुद्रप्रताप सिंह उर्फ अली जाटव पर हमला कर दिया था। आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते लाठी-डंडों और लोहे की सरिया से वार कर उसकी हत्या कर दी थी। हमले में मृतक के मामा तुलाराम भी घायल हो गए थे। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी। पुलिस अधीक्षक डॉ. असित यादव के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव पाठक और एसडीओपी लहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजेश शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई।
टीम ने मुखबिरों और तकनीकी जानकारी की मदद से दो ही दिनों में आरोपियों को जाखोली मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से हत्या में इस्तेमाल की गई लाठी और लोहे की सरिया भी बरामद की है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने पुरानी रंजिश के कारण रिनिया-रायपुरा नहर के पास रुद्रप्रताप की हत्या की थी और उसके मामा को घायल किया था।
पुलिस के अनुसार, इस मामले के तीन आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेश शर्मा, उपनिरीक्षक भानुप्रताप सिंह, रविंद्र कुमार, सहायक उपनिरीक्षक शिवदयाल नागर, प्रधान आरक्षक आवेद बेग, आरक्षक रंजीत, रजत राय, महेंद्र प्रजापति, राकेश मौर्य और चालक इंद्रपाल की अहम भूमिका रही।

