मूकनायक/राजेश कुमार तहसील रिपोर्टर, बस्ती/उत्तर प्रदेश
बस्ती जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरौली शुमाली में बुधवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन ब्लॉक प्रमुख दुष्यंत सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
मेले में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। ब्लड प्रेशर, शुगर, आंख, दांत, महिला स्वास्थ्य और बच्चों की जांच की गई। डॉक्टरों ने रोगों से बचाव के उपाय बताए और समय-समय पर जांच कराने की सलाह भी दी।
इस दौरान लगभग 90 मरीजों का पंजीकरण कर उपचार किया गया। कई लोगों को आगे की जांच के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया।
स्वास्थ्य मेले में आयुष्मान भारत योजना, परिवार नियोजन, पोषण अभियान और मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। महिलाओं और बुजुर्गों ने अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए डॉक्टरों से परामर्श लिया।
सीएचसी प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य मेले का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे मेले आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य लाभ पहुंचाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी सक्रिय रूप से मौजूद रहे और ग्रामीणों को जागरूक किया।

