Thursday, February 26, 2026
Homeआगरा"समानता एवं समृद्धि" के मूल मंत्र के साथ भारतीय जाटव समाज का...

“समानता एवं समृद्धि” के मूल मंत्र के साथ भारतीय जाटव समाज का राष्ट्रीय अधिवेशन आगरा में भव्य रूप से सम्पन्न

मुख्य अतिथि: उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण मंत्री मा. असीम अरुण

मूकनायक/ ब्यूरो

आगरा/ उत्तर प्रदेश

आगरा,संजय साग़र सिंह। “समानता एवं समृद्धि” की संकल्पना को साकार करने हेतु भारतीय जाटव समाज का राष्ट्रीय अधिवेशन आगरा स्थित राशि रिसोर्ट, धनौली में भव्य एवं ऐतिहासिक रूप से सम्पन्न हुआ। यह राष्ट्रीय अधिवेशन समाज के संगठन, सशक्तिकरण और सामाजिक चेतना की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।

इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण मंत्री माननीय असीम अरुण रहे, जिन्होंने समाज को समर्पित इस आयोजन की सराहना करते हुए डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “बाबा साहब ने हमें शिक्षित बनने, संगठित रहने और संघर्ष करने का जो संदेश दिया था, आज उसी को अपनाने की आवश्यकता है। राज्य सरकार समाज के दलित और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर प्रयासरत है।”

विभिन्न राज्यों से उमड़ी प्रतिनिधियों की भारी भीड़

इस राष्ट्रीय अधिवेशन में उत्तर प्रदेश सहित उत्तराखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली आदि राज्यों से आए समाजसेवियों, प्रतिनिधियों और बुद्धिजीवियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। लगभग 1000 से अधिक प्रतिनिधियों की भागीदारी ने कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की और समाज की एकजुटता को दर्शाया।

समाजसेवियों एवं मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान

इस ऐतिहासिक अवसर पर समाज सेवा, शिक्षा और अन्य सामाजिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाजसेवियों एवं मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। यह पहल समाज के युवाओं में प्रेरणा एवं उत्साह का संचार करने वाली रही।

समाज को दिशा देने वाला अधिवेशन: उपेंद्र सिंह

भारतीय जाटव समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भाजपा नेता श्री उपेंद्र सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा, “बाबा साहब के विचारों से प्रेरित होकर हमें समाज के प्रत्येक कमजोर वर्ग को सशक्त बनाना है। संगठन का यह कारवां देश के विभिन्न राज्यों में तेजी से विस्तार कर रहा है और यह ऐतिहासिक अधिवेशन समाज को नई दिशा देने में मील का पत्थर साबित होगा।”

मंच पर उपस्थित गणमान्य व्यक्तित्व

कार्यक्रम में अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं समाज के सम्मानित व्यक्ति उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से भारतीय जाटव समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भाजपा नेता उपेंद्र सिंह, राष्ट्रीय संरक्षक नत्थी सिंह जसोरा, राष्ट्रीय संगठन सचिव अनिल कुमार (पूर्व न्यायाधीश), राष्ट्रीय महासचिव सोहन सिंह, भीम नगरी केंद्रीय समिति के अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनी, पी.सी. बेरवाल पूर्व आईएएस, उदयी राम, लायक सिंह, प्रदेश अध्यक्ष नेत्रपाल सिंह, लोकेश प्रधान, तेज कपूर, रविंद्र कुमार पार्षद, भारत सिंह एडवोकेट,अर्जुन सिंह एडवोकेट, राम दरस, रचना सिंह, आशा सचदेवा, रजनी सिंह, दिलासा राम, कुंवर चंद्र वकील, डॉ रामबाबू हरित, डॉ मुन्ना लाल भारतीय सहित समिति के सभी पदाधिकारी, सदस्य एवं हजारों की संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments