सुषमा पूंटा रोहडू शिमला | 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के 79वें अवसर पर अखिल भारतीय कोली समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व सांसद वीरेंद्र कश्यप ने शिमला जिले की जनेडघाट पंचायत में ध्वजारोहण कर कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस मौके पर उन्होंने देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीर शहीदों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पूर्व सांसद कश्यप ने कहा, “आज का दिन उन लाखों स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानी को याद करने और उनके आदर्शों को अपनाने का है। खासतौर पर युवाओं को अपने जीवन में राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझना होगा।” उन्होंने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि यदि इसे समय रहते रोका नहीं गया, तो आने वाले समय में देश को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। उन्होंने युवाओं से नशे के खिलाफ संकल्प लेने और समाज को एक नई दिशा देने की अपील की।इस दौरान पूर्व सांसद वीरेन्द कश्यप ने यह भी कहा कि आज के युवा अपने बूढ़े माता-पिता के प्रति भी जिम्मेदार रवैया नहीं अपना रहे हैं, जो चिंता का विषय है। उन्होंने युवाओं से परिवारिक मूल्यों को समझने और पालन करने का आग्रह किया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में विशेष पहल करते हुए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का शुभारंभ किया गया। श्री कश्यप ने देवदार का एक पौधा लगाकर इसकी शुरुआत की और लोगों से अपील की कि वे हर वर्ष अपनी मां के नाम पर कम से कम एक पेड़ जरूर लगाएं और उसकी देखभाल करें।उन्होंने कहा, “प्राकृतिक आपदाओं जैसे बादल फटना, आग लगना और सूखा—ये सब बेतरतीब विकास और पर्यावरण के दोहन का नतीजा हैं। हमें अब सजग होने की जरूरत है।” इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे, जिन्होंने इस अभियान में भाग लेते हुए अपनी-अपनी मां के नाम से पौधे लगाए।

