मूकनायक/ दुर्गेंद्र सम्राट ब्यूरो चीफ
बस्ती/ उत्तर प्रदेश
बस्ती: कलवारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रामजानकी मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरहा के पास दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर से हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और बाइक सवार दूर जा गिरे। राहगीरों की मदद से सभी घायलों को तत्काल पास के सीएचसी कुदरहा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मोहम्मद रिजवान निवासी ग्राम मिल्की जोत, ब्लॉक पौली, जिला संतकबीर नगर को मृत घोषित कर दिया। चार अन्य गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए।

