मानव जीवन में धन की आवश्यकता से इनकार नहीं किया जा सकता, परंतु उस धन को अर्जित करने का माध्यम हमारे चरित्र और मानसिक शांति को निर्धारित करता है। जब व्यक्ति बिना परिश्रम या गलत तरीकों से धन प्राप्त करता है तो वह धन उसके भीतर केवल अधिक पाने की लालसा और लालच को जन्म देता है। बिना मेहनत के मिली हुई दौलत का मूल्य व्यक्ति नहीं समझ पाता और उसे व्यर्थ के कार्यों तथा बुरी आदतों में गँवा देता है। इसके साथ ही गलत तरीके से कमाए गए धन के छिन जाने या पकड़े जाने का भय हमेशा मन में अशांति बनाए रखता है। इसके विपरीत जब कोई व्यक्ति दिन-रात पसीना बहाकर और ईमानदारी से धन कमाता है तो उस कमाई में एक विशेष सुख और आत्मिक संतोष छिपा होता है।परिश्रम की रोटी भले ही रूखी-सूखी हो लेकिन वह व्यक्ति को गहरी और चैन की नींद देती है । मेहनत से कमाया गया प्रत्येक रुपया व्यक्ति को स्वाभिमान से जीना सिखाता है और समाज में उसे सच्चा सम्मान दिलाता है। ऐसा व्यक्ति धन का सदुपयोग करना जानता है और दूसरों के दुख-दर्द को भी समझता है। अतः जीवन में वास्तविक सफलता, सुख और शांति पाने के लिए हमें शॉर्टकट के बजाय परिश्रम के मार्ग को ही चुनना चाहिए।

